भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा- महागठबंधन के फोर 'बी' में बुआ, भतीजा, भाई और बहन

अवध क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस को तो राम मंदिर पर बोलने का अधिकार नहीं है। कांग्रेस के चलते ही यह देश का सबसे वृद्ध मुकदमा हो गया है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Thu, 31 Jan 2019 12:13 PM (IST) Updated:Thu, 31 Jan 2019 02:12 PM (IST)
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा- महागठबंधन के फोर 'बी' में बुआ, भतीजा, भाई और बहन
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा- महागठबंधन के फोर 'बी' में बुआ, भतीजा, भाई और बहन

लखनऊ, जेएनएन। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने चंद घंटे के दौरे में कानपुर के बाद लखनऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इस दौरान उनके निशाने पर उत्तर प्रदेश का सपा-बसपा गठबंधन के साथ कांग्रेस की नवनियुक्त महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी थीं।

लखनऊ में कांशीराम स्मृति उपवन में अवध क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस को तो राम मंदिर पर बोलने का अधिकार नहीं है। कांग्रेस के चलते ही यह देश का सबसे वृद्ध मुकदमा हो गया है। उन्होंने गठबंधन को मात देकर 74 सीटें जीतने के लिए हर बूथ पर 50 प्रतिशत से अधिक मत हासिल करने का मंत्र दिया। कहा कि 2014 में लखनऊ से ही होकर दिल्ली का रास्ता गुजरा था और इस बार भी यहीं से गुजरेगा और मोदी फिर पीएम बनेंगे।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा यह तो तय है कि मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे लेकिन, अगर गठबंधन की सरकार बनेगी तो सोमवार को मायावती, मंगलवार को अखिलेश, बुधवार को ममता, गुरुवार को शरद पवार, शुक्रवार को देवगौड़ा और शनिवार को स्टालिन प्रधानमंत्री बनेंगे और फिर रविवार को देश छुट्टी पर चला जाएगा।

महागठबंधन के फोर 'बी' में बुआ, भतीजा, भाई और बहन

अमित शाह ने कहा कि भाजपा का फोर बी 'बढ़ता भारत-बनता भारत' है लेकिन, तथाकथित महागठबंधन के पास फोर बी में 'बुआ, भतीजा, भाई और बहन' हैं। सपा-बसपा गठबंधन पर तंज कसते हुए अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने सपा-बसपा के परिवारवाद और जातिवाद को बहुत भुगत लिया। उन्होंने कहा कि बुआ-भतीजा तो भाजपा के कार्यकर्ताओं की ताकत से डरकर एक हो गये हैं।

यह चुनाव एक बार जिताकर दिखा दो तो उत्तर प्रदेश में न तो बुआ दिखेंगी और न ही बबुआ रहेंगे। उन्होंने कहा महागठबंधन को ऐसी सरकार चाहिए जिसे डीलर चलाएं लेकिन देश की जनता को लीडर वाली सरकार चाहिए। यह पीएम मोदी के नेतृत्व में ही संभव है। उन्होंने कहा कि सवा सौ वर्ष से कानपुर में नाले की गंदगी मां गंगा के निर्मल जल को प्रदूषित कर रही थी। हमने यह नाला बंद किया। आज मां गंगा के निर्मल जल में कुंभ स्नान हो रहा है।

टू जी के बाद अब प्रियंका थ्री जी

अमित शाह ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि यूपीए की सरकार में दो जी थे- सोनिया जी और राहुल जी। तब 12 लाख करोड़ रुपये का टू जी घोटाला हुआ। अब प्रियंका थ्री-जी आ गई हैं तो सोचिये कितना बड़ा घपला होगा।

मोदी-योगी की सराहना का मंत्र

अमित शाह ने बूथ अध्यक्षों को मोदी-योगी सरकार की सराहना के मंत्र दिए। खूब आंकड़े गिनाए। बोले कि देश की अर्थव्यवस्था नवें पायदान पर थी लेकिन, उसे मोदी ने छठवें नंबर पर ला दिया। योगी सरकार के पहले गुंडों से पुलिस डरती थी लेकिन, अब गुंडे खुद ही जेल में जाना पसंद करते हैं।

राम जन्म भूमि पर ही मंदिर बनाएगी भाजपा

लखनऊ में अमित शाह ने कहा कि अयोध्या में राम जन्मभूमि पर मंदिर बनाने की ताकत सिर्फ भाजपा में ही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी खून की दलाली का आरोप लगाते हैं लेकिन, क्या कभी किसी शहीद की विधवा से मिले हैं, उसके बच्चे के सिर पर हाथ फेरा है।

उन्होंने कहा कि हम अवैध घुसपैठियों की पहचान के लिए एनआरसी लेकर आए लेकिन, सपा, बसपा तृणमूल समेत पूरी की पूरी राहुल गांधी एंड कंपनी घुसपैठियों के समर्थन में उतर आई। पहले तो अमेरिका और इजराइल ही बदला लेते थे लेकिन, पीएम मोदी के चलते भारत तीसरा बदला लेने वाला देश बन गया है। मोदी ने पाकिस्तान के दांत खट्टे कर दिए। उरी का बदला ले लिया। 

chat bot
आपका साथी