UP Assembly Election 2022: यूपी में ब्राह्मणों को जोड़ने के लिए अब आम आदमी पार्टी करेगी चाणक्य विचार सम्मेलन

UP Assembly Election 2022 आम आदमी पार्टी ब्राह्मणों को जोड़ने के लिए चाणक्य विचार सम्मेलन का आयोजन करेगी। सम्मेलन की श्रृंखला की शुरुआत तीन अक्टूबर को राजधानी से की जाएगी। फिर वाराणसी प्रयागराज मेरठ गाजियाबाद कानपुर गोरखपुर व आगरा सहित प्रदेश के सभी बड़े जिलों में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Fri, 10 Sep 2021 12:20 AM (IST) Updated:Fri, 10 Sep 2021 12:27 AM (IST)
UP Assembly Election 2022: यूपी में ब्राह्मणों को जोड़ने के लिए अब आम आदमी पार्टी करेगी चाणक्य विचार सम्मेलन
आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले ब्राह्मणों को लुभाने के लिए भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के बाद अब आम आदमी पार्टी (आप) भी मैदान में उतर गई है। आम आदमी पार्टी (आप) ब्राह्मणों को पार्टी से जोड़ने के लिए चाणक्य विचार सम्मेलन का आयोजन करेगी। सम्मेलन की श्रृंखला की शुरुआत तीन अक्टूबर को राजधानी से की जाएगी। फिर वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ, गाजियाबाद, कानपुर, गोरखपुर, व आगरा सहित प्रदेश के सभी बड़े जिलों में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। पीसीएस संघ के पूर्व अध्यक्ष हरिशंकर पांडेय को प्रबुद्ध प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया है।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को यूपी प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि बीजेपी का ब्राह्मण प्रेम सिर्फ दिखावा है। जब-जब भाजपा सरकार ने ब्राह्मणों पर अत्याचार किया तब-तब आप ने इसका विरोध किया और उनकी लड़ाई लड़ी। आगे भी वह उनकी आवाज उठाती रहेगी। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सभी पार्टियां ब्राह्मणों को रिझाने के लिए सम्मेलन कर रही हैं, ऐसे में अब आप भी इन्हें जोड़ने के लिए मुहिम शुरू करेगी।

आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ब्राह्मणों पर उत्पीड़न, अत्याचार और अन्याय किया गया है। ब्राह्मणों के फर्जी एनकाउंटर कराए गए। इसको लेकर तमाम राजनीतिक दलों ने सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा कि मुझे तब हंसी आई, जब भाजपा उत्तर प्रदेश में ब्राह्मणों को एकत्र करने के लिए प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित करने की बात कर रही है। जो पार्टी सत्ता में रहकर ब्राह्मण समाज का उत्पीड़न करती है, ब्राह्मणों का फर्जी एनकाउंटर कराती है, खुशी दुबे को बिना किसी अपराध के जेल में सड़ाने का काम करती है, वह पार्टी आज ब्राह्मणों के हित की बात कर रही है।

संजय सिंह ने कहा कि जब आम आदमी पार्टी ब्राह्मण समाज के ऊपर हो रहे उत्पीड़न और अत्याचार का मामला उठा रही थी तो सारी पार्टियां खामोश थीं। पूरे प्रदेश में ब्राह्मण समाज के लोगों के बीच आम आदमी पार्टी की तरफ से स्पष्ट संदेश गया है कि जब-जब ब्राह्मणों पर अत्याचार होगा, उनके दमन की कार्रवाई होगी, आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा रहेगा।

chat bot
आपका साथी