UP: मिशन रोजगार के तहत 40 लाख श्रमिकों को मिला रोजगार, सेवायोजन पोर्टल पर 38 लाख बेरोजगार पंजीकृत

उत्तर प्रदेश में मिशन रोजगार अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2020-21 में विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं के माध्यम से 40.72 लाख श्रमिक रोजगार एवं स्वरोजगार मिला। श्रम एवं सेवायोजन विभाग के सेवायोजन पोर्टल पर 38.12 लाख बेरोजगार अभ्यर्थी और 37.84 लाख प्रवासी श्रमिक पंजीकृत हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 07:30 AM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 07:44 AM (IST)
UP: मिशन रोजगार के तहत 40 लाख श्रमिकों को मिला रोजगार, सेवायोजन पोर्टल पर 38 लाख बेरोजगार पंजीकृत
यूपी में मिशन रोजगार के तहत 40 लाख श्रमिकों को रोजगार व स्वरोजगार मिला।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश में मिशन रोजगार अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2020-21 में विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं के माध्यम से 40.72 लाख श्रमिक रोजगार एवं स्वरोजगार मिला। श्रम एवं सेवायोजन विभाग के सेवायोजन पोर्टल पर 38.12 लाख बेरोजगार अभ्यर्थी और 37.84 लाख प्रवासी श्रमिक पंजीकृत हैं। उत्तर प्रदेश कामगार और श्रमिक (सेवायोजन एवं रोजगार) आयोग की कार्यकारी परिषद तथा बीओसी बोर्ड की बैठक में अपर मुख्य सचिव श्रम एवं सेवायोजन सुरेश चंद्रा ने यह जानकारी दी।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त संजीव मित्तल ने कहा कि बेरोजगारों को सेवायोजित करने के लिए सेवायोजन पोर्टल को और अधिक प्रभावी व क्रियाशील बनाया जाए। सभी बेरोजगारों का पंजीकरण सेवायोजन पोर्टल पर कराया जाए। श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जेम पोर्टल पर पंजीकृत सेवाप्रदाता कंपनियों की सेवाओं की गुणवत्ता पर ध्यान दिया जाए।

अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त संजीव मित्तल ने कहा कि बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आयोजित होने वाले रोजगार मेलों की सूचना पहले से ही अभ्यर्थियों और सेवायोजकों को दी जाए, जिससे कंपनियों को योग्य अभ्यर्थियों के चयन का मौका मिल सके। उन्होंने उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से संचालित योजनाओं के तहत दी जाने वाली धनराशि को भी श्रमिकों के हित में बढ़ाने के लिए कहा। श्रमिकों के लिए संचालित शौचालय योजना में सुलभ शौचालय को भी बढ़ावा दिया जाए।

अपर मुख्य सचिव श्रम एवं सेवायोजन सुरेश चन्द्रा ने बैठक में बताया कि सेवायोजन पोर्टल पर 38.12 लाख बेरोजगार अभ्यर्थी एवं 37.84 लाख प्रवासी श्रमिक पंजीकृत हैं। मिशन रोजगार अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2020-21 में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से 40.72 लाख श्रमिक रोजगार एवं स्वरोजगार प्राप्त किये। उन्होंने कहा कि सेवायोजन विभाग बेरोजगारों के हित में तथा श्रम विभाग श्रमिकों के हित में निरन्तर कार्य कर उन्हें लाभ प्रदान कर रहा है।

chat bot
आपका साथी