UP: शिक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा पास अभ्यर्थियों की मुहिम को झटका, शामिल नहीं होंगे 23 हजार रिक्त पद

69000 Shikshak Bharti उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक स्कूलों की 69000 पदों की शिक्षक भर्ती में 68500 भर्ती के खाली रह गए पद शामिल नहीं किए जाएंगे। वजह दोनों भर्तियों का विज्ञापन परीक्षा का प्रारूप कटआफ अंक और शैक्षिक अर्हताएं तक अलग हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Tue, 20 Jul 2021 07:00 AM (IST) Updated:Tue, 20 Jul 2021 01:08 PM (IST)
UP: शिक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा पास अभ्यर्थियों की मुहिम को झटका, शामिल नहीं होंगे 23 हजार रिक्त पद
69000 पदों की शिक्षक भर्ती में 68500 भर्ती के खाली रह गए 23 हजार पद शामिल नहीं किए जाएंगे।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक स्कूलों की 69000 पदों की शिक्षक भर्ती में 68500 भर्ती के खाली रह गए पद शामिल नहीं किए जाएंगे। वजह, दोनों भर्तियों का विज्ञापन, परीक्षा का प्रारूप, कटआफ अंक और शैक्षिक अर्हताएं तक अलग हैं। इससे उन अभ्यर्थियों को तगड़ा झटका लगा है, जो लिखित परीक्षा उत्तीर्ण हैं और 23 हजार रिक्त पदों पर चयन कराने की मांग कर रहे थे। बेसिक शिक्षा विभाग ने 69000 शिक्षक भर्ती पूरा होने का दावा किया है, केवल तीसरे चरण के चयनितों को नियुक्ति पत्र वितरित किया जाना शेष है।

परिषदीय स्कूलों में शिक्षामित्रों का समायोजन रद होने के बाद खाली पदों के सापेक्ष दो भर्तियां निकाली गईं। 68500 सहायक अध्यापक भर्ती का शासनादेश नौ जनवरी 2018 को जारी हुआ। इसकी लिखित परीक्षा में 41556 अभ्यर्थी सफल हुए थे, बाद में पुनर्मूल्यांकन में भी चार हजार से अधिक सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी गई। बेसिक शिक्षा के अफसर कहते हैं कि इस भर्ती में 45 हजार से अधिक को नियुक्ति मिल चुकी है, जबकि करीब 23 हजार से पद खाली हैं। इसके बाद 69000 भर्ती का विज्ञापन जारी हुआ।

इसकी लिखित परीक्षा में तय पदों के सापेक्ष दोगुने से अधिक 1,46,060 अभ्यर्थी सफल हुए। उनमें से 67867 अभ्यर्थियों को चयन सूची में शामिल करके दो चरणों में काउंसिलिंग कराकर करीब 63 हजार से अधिक को नियुक्ति दी जा चुकी है। वहीं, तीसरे चरण में रिक्त पदों पर चयन हो चुका है। इस भर्ती में चयनितों से अधिक 77,060 अभ्यर्थी बाहर हो रहे हैं। वे 68500 भर्ती के रिक्त पदों पर चयन की मुहिम छेड़े थे।

पद समाहित न करने की ये वजह 1. दोनों की भर्ती प्रक्रिया का अलग शासनादेश व पद भी अलग रखे गए। 2. 68500 भर्ती की लिखित परीक्षा में अभ्यर्थियों को जवाब लिखकर देना था, जबकि 69000 में वैकल्पिक सवाल पूछे गए। 3. 68500 में कटआफ अंक 40-45 व 69000 में 60-65 तय हुआ। 4. 68500 भर्ती में बीटीसी व डीएलएड आदि मान्य था, जबकि 69000 में बीएड को भी शामिल किया गया।

भर्ती पूरी, पद जोड़ना संभव नहीं : स्कूल शिक्षा महानिदेशक विजय किरन आनंद ने बताया कि 69000 शिक्षक भर्ती तीन चरणों में पूरी की जा चुकी है, अब उसमें पद जोड़ना संभव नहीं है। वैसे भी दोनों भर्तियों में चयन अलग तरीके से हुआ है। इसलिए एक भर्ती परीक्षा में सफल होने वालों को दूसरी भर्ती में समाहित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार बेसिक शिक्षा विभाग में अध्यापकों की भर्ती के लिए उप्र शिक्षा सेवा चयन बोर्ड का गठन कर रही है। सहायक अध्यापकों के रिक्त पदों पर चयन व नियुक्ति आरटीई मानक के अनुरूप नया बोर्ड करेगा।

chat bot
आपका साथी