नदियों का जलस्तर बढ़ने से अलर्ट, प्रशासन ने खोला कंट्रोल रूम

पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के बाद अब नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 11:14 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 11:14 PM (IST)
नदियों का जलस्तर बढ़ने से अलर्ट, प्रशासन ने खोला कंट्रोल रूम
नदियों का जलस्तर बढ़ने से अलर्ट, प्रशासन ने खोला कंट्रोल रूम

लखीमपुर : पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के बाद अब नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए डीएम ने सभी एसडीएम, तहसीलदार को अलर्ट कर दिया है। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट में 24 घंटे सक्रिय रहने वाले कंट्रोल रूम को भी शुरू कर दिया गया है। इसमें कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मंगलवार को एसडीएम सदर डॉ. अरुण सिंह ने फूलबेहड़ इलाके में जाकर शारदा नदी का जलस्तर देखा। नदी के किनारे बसे गांवों में जाकर लोगों से बात की। डीएम डॉ. अरविद चौरसिया के निर्देश पर कलेक्ट्रेट में बाढ़ कंट्रोल रूम शुरू कर दिया गया है। तीन शिफ्टों में यहां अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

एडीएम अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बाढ़ अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने आपदा से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए कलेक्ट्रेट स्थित कक्ष संख्या 17 में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया। इसका फोन नंबर 05872-278100, 05872-259985 टोल फ्री नंबर 1077 है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे क्रियाशील रहेगा। कंट्रोल रूम के संचालन के लिए अधिकारी व कर्मचारियों की ड्यूटी 15 जून से 30 जून तक तीन शिफ्टों में लगाई गई है। इसी प्रकार आगे भी 15-15 दिन पर रोस्टरवार ड्यूटी लगाई जाएगी। कंट्रोल रूम के प्रभारी अवर अभियंता विनियमित क्षेत्र प्रदीप कुमार त्रिवेदी को बनाया गया है। उनका मोबाइल नंबर 7652082728 को नामित कर उन्हें निर्देश दिया गया है कि वह अपने पर्यवेक्षण में कंट्रोल रूम की सतत निगरानी रखें। कटान रोकने को लगेंगे साढ़े तीन सौ मीटर परक्यूपाइन स्टड सांसद अजय मिश्र टेनी की कोशिशों से खमरिया से शीतलापुर तक शारदा नदी का कटान रोकने के लिए साढ़े तीन सौ मीटर परक्यूपाइन स्टड लगाए जाएंगे। इसके लिए खमरिया गांव के पास भाजपा नेता आशीष मिश्र मोनू ने पूजा करके काम शुरू कराया।

इलाके के खमरिया, मदनापुर और शीतलापुर आदि गांवों के तमाम किसानों ने 26 मई को सांसद अजय मिश्र टेनी को एक ज्ञापन देकर शारदा के बढ़ रहे कटान को रोकने का काम करने की मांग की थी। इस पर सांसद ने प्रदेश के सिचाई मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह को पत्र लिखकर अवगत कराया था। इसके बाद सिचाई विभाग शारदानगर के अफसरों को दी गई हिदायत पर वहां परक्यूपाइन स्टड लगाकर कटान रोकने का फैसला किया गया। भाजपा नेता आशीष मिश्र मोनू ने पूजन कर इसका शुभारंभ किया। जेई राकेश कुमार ने बताया कि अनुरक्षण मद से 350 मीटर परक्यूपाइन स्टड लगाकर कटान रोकने का काम किया जाएगा। इस दौरान हुए कार्यक्रम को मोनू के अलावा अरविद सिंह संजय व नगेंद्र सिंह सेंगर ने संबोधित किया। इसमें एसडीओ सभाजीत सिंह के अलावा मोनू दीक्षित, प्रज्ञानंद श्रीवास्तव, रतीराम लोधी, संजय गिरि, मोहित त्रिवेदी, ध्रुव गुप्ता और आयुष पांडेय आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी