दुधवा में किया जा रहा गैंडों का संरक्षण: उपनिदेशक

विश्व गैंडा दिवस पर बचों को किया जागरूक जूम एप के जरिए संबोधित कर दी गई विस्तृत जानकारी

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 10:00 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 10:00 PM (IST)
दुधवा में किया जा रहा गैंडों का संरक्षण: उपनिदेशक
दुधवा में किया जा रहा गैंडों का संरक्षण: उपनिदेशक

लखीमपुर: विश्व गैंडा दिवस पर दुधवा टाइगर रिजर्व के दक्षिण सोनारीपुर रेंज के अंर्तगत ग्राम भगवंतनगर गुलरा के स्कूल में गैंडा दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य वन संरक्षक एवं फील्ड निदेशक संजय पाठक ने जूम एप के द्वारा बच्चों को संबोधित किया और गैंडे के बारे में विस्तार से बताया।

गैंडा दिवस पर बच्चों के बीच प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 43 बच्चों ने भाग लिया। विजयी छात्रों को उपनिदेशक कैलाश प्रकाश ने पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने गैंडों के महत्व व उनके पारिस्थितिकी तंत्र तथा सुरक्षा प्रबंधन के बारे में बताया।

उपनिदेशक कैलाश प्रकाश ने बताया कि गैंडा आसाम व पश्चिम बंगाल में पाए जाते हैं। यूपी में दुधवा टाइगर रिजर्व में उनका संरक्षण किया जा रहा है। यहां पर चल रहे गैंडा प्रोजेक्ट में कुल 48 गैंडे हैं। फेज-1 में 42 गैंडे हैं और फेज-2 में छह गैंडे हैं।

कहा कि दुधवा में पाए जाने वाले गैंडे अपने आप में विलक्षण हैं। दुधवा पहले भी गैंडों की कर्मभूमि रही थी लेकिन, बीच के कुछ दशक ऐसे रहे जब यहां पर गैंडे नहीं थे लेकिन, अब पुन: गैंडे यहां पर बहुतायत में हो गए हैं और कुछ साल बाद वह दिन भी आने वाला है जब पूरे पार्क में गैंडे खुलेआम घूमते हुए देखे जा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि गैंडों के लिए यह इस पार्क की आबोहवा अत्यंत सुखद है। इसलिए उनका कुनबा बढ़ रहा है। डब्ल्यूड़ब्ल्यूएफ के प्रदेश संयोजक मुदित गुप्ता ने स्कूली बच्चों को गैंडे के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गैंडों के पुर्नवासन में पार्क के अधिकारी जी जान लगाकर काम कर रहे हैं और जिसका सकारात्मक परिणाम भी मिल रहा है।

इस मौके पर प्रतियोगिता में शामिल स्कूली बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर पर दुधवा व सोनारीपुर रेंज के स्टाफ व दाबीर हसन, चंदन मिश्रा, राधेश्याम भार्गव उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी