दो करोड़ आठ लाख से बनेंगीं शहर की चार सड़कें

सितंबर के आखिरी हफ्ते में शुरू होगा काम

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 10:19 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 10:19 PM (IST)
दो करोड़ आठ लाख से बनेंगीं शहर की चार सड़कें
दो करोड़ आठ लाख से बनेंगीं शहर की चार सड़कें

लखीमपुर: पूरी तरह ध्वस्त हो चुके शहर की चार सड़कों का फिर से निर्माण कराया जाएगा। लोगों के आवागमन में सुविधा के लिए नगर पालिका ने इसका टेंडर भी पास कर लिया है। अगले हफ्ते इन सड़कों पर निर्माण कार्य शुरू हो जाने की पूरी उम्मीद है। करीब पिछले एक साल से ध्वस्त हो चुकी सड़कों पर आने-जाने से लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है गड्ढों के कारण जलभराव ही नहीं होता लोग कई बार घायल हो जाते हैं। दो पहिया वाहन भी पलट जाते हैं। इसे देखते हुए नगर पालिका ने शहर की चार सड़कों को बनवाने का निर्णय किया है।

ईओ आरआर अंबेश ने बताया कि करीब दो करोड़ आठ लाख रुपये की लागत से इन सड़कों को बनवाया जाएगा। इन चार सड़कों में पहली गांधी विद्यालय चौराहा से सौजन्या चौक तक जाने वाली सड़क है, जो करीब 81 लाख रुपये से पास हुई है। दूसरी सौजन्या चौक से नहर तक जहां नगर की सीमा है वहां तक। ये भी लगभग 91 लाख रुपये की लागत से पास की गई है।

इसके अलावा कोतवाली के किनारे रानीगंज फाटक से बड़ा चौराहा जाने वाली सड़क तक का लिक मार्ग भी बनवाया जाएगा। इसमें करीब 16 लाख रुपये की लागत लगेगी। इतना ही नहीं इसके किनारे का अतिक्रमण खत्म कराकर इसे चौड़ा कराया जाएगा। इसके किनारे की नालियां सुधरवाई जाएंगी। फिर आवास विकास कालोनी की एक सड़क भी बनवाई जानी है। जिसमें करीब 20 लाख रुपये के आसपास का टेंडर है। इसे भी नहर तक बनाया जाना है। सितंबर के आखिरी हफ्ते में इन चारों सड़कों को पूरी तरह बनवाकर लोगों के लिए आवागमन आसान कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी