महिला उत्पीड़न के विरोध में सड़कों पर उतरी महिला संगठन, किया प्रदर्शन
पसगवां कांड और प्रदेश भर में हो रहे महिला उत्पीड़न को
लखीमपुर: पसगवां कांड और प्रदेश भर में हो रहे महिला उत्पीड़न को लेकर सोमवार को तमाम महिला संगठन सड़कों पर उतर पड़ी। रेलवे स्टेशन पर एकत्र होकर शहर में जुलूस निकाला। बाद में कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। संयुक्त महिला संघर्ष मोर्चा के बैनर तले एपवा, समाजवादी महिला सभा, महिला संगठन संबल समेत कई महिला संगठनों का पसगवां कांड के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्यपाल को भेजे ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने सांसद और विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज कर दी। मांगें पूरी ना होने पर बड़ा आंदोलन देने की चेतावनी दी।
इस दौरान महिलाओं को सम्बोधित करते हुए सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष तृप्ति अवस्थी ने कहा कि पसगवां कांड ने महिला सुरक्षा पर भाजपा की योगी सरकार का सच सामने ला दिया है, जो लोग बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की बात कर रहे थे वही भाजपा पूरे प्रदेश में बलात्कारियों, दंगाइयों, गुंडों, अपराधियों के साथ खड़ी है। नामांकन करने से रोककर उसके सांसद, विधायक ने देश के संविधान और लोकतंत्र को धोखा दिया है। सभा को अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (एपवा) की प्रदेश अध्यक्ष कृष्णा अधिकारी ने सम्बोधित करते हुए कहा कि योगी सरकार महिला सुरक्षा पर बुरी तरह फेल हो गयी है एक तरफ पसगवां में महिलाओं का चीरहरण कराया जा रहा है तो दूसरी तरफ कानपुर में दरोगा महिला के सीने पर बैठकर मारपीट कर रहा है।
लखनऊ में पुलिस चौकी में महिला को बच्चे के सामने गंदी गालिया देकर पुलिस कर्मी मारपीट कर रहे हैं। पूरा प्रदेश अपराधी माफिया जंगलराज में तब्दील हो गया है। महिला सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष अनीता यादव ने कहा कि पसगवां ब्लाक प्रमुख चुनाव को तत्काल रद करना ही असली न्याय होगा। बेहजम ब्लाक प्रमुख बीना राज ने कहा कि पसगवां कांड में वीडियो में दिख रहे हमला करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की जाए। कार्यक्रम को नेता मीरा बानो ने भी संबोधित किया। समाजवादी महिला सभा, एपवा, संबल फाउंडेशन और स्वनीति सखी संसार सहित कई संगठनों की सैकड़ों महिलाओं ने इस मौके पर सुलेखा सिंह, पूनम यादव, प्रख्याति खरे, साजिया अलवी, ऊषा कश्यप, मनोरमा श्रीवास्तव, विटोला बेगम, माया जायसवाल, माधुरी मौर्या, तारा देवी, नीलम शुक्ला, ममता, अनीता, रितू सिंह, अनीता यादव आदि दर्जनों की संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।