घर में घुसा मगरमच्छ, सुबह नींद खुली तो परिवार के उड़े होश

ग्राम ढकिया में घर में रात में मगरमच्छ घुस गया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 10:42 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 10:42 PM (IST)
घर में घुसा मगरमच्छ, सुबह नींद खुली तो परिवार के उड़े होश
घर में घुसा मगरमच्छ, सुबह नींद खुली तो परिवार के उड़े होश

लखीमपुर : ग्राम ढकिया में घर में रात में मगरमच्छ घुस गया। सुबह जब परिवारजन की आंख खुली तो उनके होश उड़ गए।

गांव निवासी सेठ लाल के घर में बुधवार रात मगरमच्छ घुसकर कोने में बैठ गया। परिवार के लोग रातभर उसी कमरे में सोते रहे। सुबह जब आंख खुली तो घर में मगरमच्छ को देख शोर मचाना शुरू कर दिया। बाद में वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने मगरमच्छ को पकड़कर नदी में छोड़ दिया। दरअसल ढकिया गांव नदी के किनारे बसा है। किसी तरह नदी से निकलकर मगरमच्छ सेठ लाल के घर में आ गया। रेंजर भीरा राकेश बाबू ने बताया कि ढकिया गांव में घर में शारदा नदी से निकलकर मगरमच्छ आ गया था। ग्रामीणों की सूचना पर उसे रेस्क्यू कर पुन: शारदा पुल के तट से नदी में छोड़ दिया गया है। बिजौरिया में मगरमच्छों का आतंक ग्राम बिजौरिया में मगरमच्छों का आतंक फैला हुआ है। गांव के पास बने झील के किनारे बसे ग्रामवासियों के साथ उनके पालतू जानवरों के लिए भी खतरा बढ़ गया है।

गांव की मनजीत कौर पत्नी जसविदर सिंह ने बताया है कि हमारे निवास के पास झील बहती है। झील कई किलोमीटर लंबी है और जिस दिन से बाढ़ आई है उस दिन से मगरमच्छ घरों में घुसने लगे हैं। अगर घर खुला है तो मगरमच्छ घर में घुसने में देर नहीं लगाते हैं। इन मगरमच्छों के आतंक से कुछ समय पहले ही हमने अपने जानवर बेच दिए। मगरमच्छ कई चरवाहों की बकरियां खा गए और उनको काफी नुकसान हुआ। पिछले कई वर्षों से झील में एक दो मगरमच्छ ही थे पर अब इनकी तादाद बढ़ गई है। इनके डर से हमें इस समय छत पर सोना पड़ रहा है।

chat bot
आपका साथी