चार माह से फरार पति को ढूंढते गुजरात से कुशीनगर पहुंची महिला

गुजरात के बलसाड से पति की तलाश में आई महिला के पैरों तले धरती तब खिसक गई जब महिला को यह पता चला कि उसका पति पहले से शादी-शुदा है तथा उसका दस वर्ष का एक बेटा है पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 11:56 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 11:56 PM (IST)
चार माह से फरार पति को ढूंढते गुजरात से कुशीनगर पहुंची महिला
चार माह से फरार पति को ढूंढते गुजरात से कुशीनगर पहुंची महिला

कुशीनगर : गुजरात से कुशीनगर पति की तलाश में निकली सीमाबेन की आंखों में तब आंसू छलक उठे, जब पता चला कि जिससे उसने छह वर्ष पूर्व विवाह किया था वह पहले से ही विवाहित था। पीड़िता ने तुर्कपट्टी थानाध्यक्ष को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।

थाना क्षेत्र के पुरन्दपुर गांव निवासी अवधेश सात वर्ष पूर्व गुजरात के बलसाड में कमाने गया। वहां सीमाबेन से प्रेम विवाह कर लिया। सीमाबेन के अनुसार उसने खुद को अविवाहित बताया था। विवाह के बाद उसके तीन बच्चे हो गए। चार माह पूर्व अचानक अवधेश गायब हो गया। सीमाबेन दो बच्चों को रिश्तेदार के यहां छोड़कर एक को लेकर अवधेश की तलाश में कुशीनगर आ गयी। सीमा अपने छह माह के बेटे गोलू को गोद में लिए पैदल ही तीन दिन से पुरन्दरपुर गांव और पति का घर तलाशती रहीं। जब वह पति के घर पहुंचीं तो वहां का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पता चला कि उसका पति पूर्व से ही विवाहित है। उसका दस वर्ष का बेटा भी है। न्याय पाने के लिए तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के डिग्री चौराहे पर शुक्रवार से एक चाय की दुकान पर रह रही महिला ने तुर्कपट्टी थाने में तहरीर दे कर न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि अब तक पुलिस के द्वारा कोई उचित कदम नहीं उठाया गया है। एसएचओ तुर्कपट्टी जय प्रकाश पाठक ने बताया कि तहरीर मिली है। महिला की पूर्व में भी शादी की बात सामने आ रही है। सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मां-बेटी घायल

कसया थाना क्षेत्र के कसया-रामकोला मार्ग पर रविवार को देर शाम गोबरही चौराहे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मां-बेटी घायल हो गईं।

गंगाछपरा के मुबारक अली की पत्नी जहरुनिशा व पुत्री नूरशमा गोबरही चौराहे पर दवा के लिए गई थीं। उसी दौरान रामकोला की तरफ से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास रहे लोगों ने एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हाईटेंशन तार की चपेट में आने से किशोरी झुलसी

दुदही विकास खंड के गौरी जगदीश गांव में पानी की टंकी के पास मकान के ऊपर से गुजरा हाईटेंशन विद्युत तार नीचे लटक रहा था। छत पर धान पीट रही हरिकिशुन यादव की 14 वर्षीय पुत्री कुंती तार की चपेट में आ जाने से बुरी तरह झुलस गई। स्वजन उसे समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुदही ले गए। वहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

chat bot
आपका साथी