भुखमरी के शिकार हैं निजी स्कूलों के शिक्षक

कुशीनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैठक कर कहा कि सरकार की दोहरी नीति से अभिभावक परेशान हैं ग्रामीण इलाकों में संभव नहीं हो पा रही है आनलाइन पढ़ाई।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 12:20 AM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 12:20 AM (IST)
भुखमरी के शिकार हैं निजी स्कूलों के शिक्षक
भुखमरी के शिकार हैं निजी स्कूलों के शिक्षक

कुशीनगर : पडरौना नगर के राजदरबार स्थित पार्टी कार्यालय में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें बेपटरी हो चुकी शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए पडरौना विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी नेता मनीष जायसवाल ने कहा कि पिछले डेढ़ साल से बंद पड़े निजी स्कूलों के शिक्षक भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। इनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी सेक्टरों को पूरी तरह खोल दिया है। ऐसी स्थिति में स्कूलों का संचालन न होना लोगों की समझ में नहीं आ रहा है। सरकार आनलाइन पढ़ाई की बात कर रही है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में क्या दिक्कत आ रही उस पर गौर नहीं किया जा रहा है। कहा कि सरकार को चाहिए कि कोविड-19 की गाइड लाइन का अनुपालन कराते हुए सभी स्कूलों, कालेजों को खोल दिया जाना चाहिए। अध्यापक/कर्मचारियों को आजीविका धनराशि दी जाए, स्कूलों ऋण के ब्याज को माफ किया जाए, बिजली बिल माफ किया जाए। अगर 10 अगस्त तक सभी मांगों को नहीं माना गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। उमाशंकर मिश्र, बृजभूषण गुप्ता, शैलेश ब्याहुत, राजू यादव, मारकंडेय चौबे, संजय भारती, सैफ खान, विजेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।

सरकार की गलत नीतियों से बेपटरी हो गई शिक्षा व्यवस्था

वैश्विक महामारी कोरोना का भय दिखाकर प्रदेश सरकार ने अर्थव्यवस्था को चौपट कर दी है। शिक्षा व्यवस्था बेपटरी हो गई है, महंगाई से जनता में हाहाकार मचा हुआ है। इसका जवाब आगामी विधानसभा चुनाव में जनता अवश्य देगी।

यह बातें समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं पूर्व मंत्री संजय विद्यार्थी ने कही। वह कप्तानगंज कस्बा स्थित कैंप कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जबसे भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय हर क्षेत्र के लोग भूखों मरने को मजबूर हो गए हैं। सपा सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एंबुलेंस सेवा, छात्रों को लैपटाप, बेरोजगारी भत्ता आदि से लाभान्वित किया था। युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष रणविजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में लूट, हत्या, दुष्कर्म की घटनाएं बेतहाशा बढ़ी हैं। पंचायत चुनाव में कितनी मनमानी हुई, जनता ने देखा है। अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने व संचालन सुग्रीव प्रसाद ने किया। रामधारी यादव, अजय यादव, शैलेश यादव, रमेश यादव, रवींद्र सिंह, भागीरथ यादव, ओमप्रकाश सिंह, लाल प्रसाद आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी