बोरे के अभाव में राजकीय धान क्रय केंद्र बंद

कुशीनगर में किसानों को धान खरीद में आने वाली समस्याओं से जूझना पड़ रहा है एक सप्ताह से खरीद ठप हो गई है जिम्मेदार नहीं दे रहे जवाब निराश लौट रहे किसान बिहार के लोगों से धान खरीदने का किसान लगा रहे आरोप।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 09 Dec 2021 12:08 AM (IST) Updated:Thu, 09 Dec 2021 12:08 AM (IST)
बोरे के अभाव में राजकीय धान क्रय केंद्र बंद
बोरे के अभाव में राजकीय धान क्रय केंद्र बंद

कुशीनगर : राजकीय धान क्रय केंद्र पटहेरवा पर एक सप्ताह से बोरे के अभाव में धान की खरीदारी नहीं हो रही है। किसानों को निराश लौटना पड़ रहा है। उनके समक्ष संकट है कि धान बेचें तो कहां। धान लेकर क्रय केंद्र पर आने के बाद पता चल रहा है कि बोरा उपलब्ध नहीं है।

केंद्र में ताला बंद कर बैठे सहायक सचिव विजय लाल श्रीवास्तव ने बताया कि बोरे के अभाव में एक सप्ताह से खरीद नहीं हो पा रही है। बोरा मिलने के बाद ही खरीद संभव है। पहले से खरीदे गए धान मिलर के यहां न भेजे जाने से गोदाम भरा हुआ है। किसान सलाउद्दीन, अलिउल्लाह, कृष्ण प्रताप पांडेय, प्रदीप कुमार, सुरजीत यादव, मृत्युंजय दुबे, रामसकल तिवारी आदि का कहना है कि सचिव की मनमानी से किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा है। बिहार से धान की खरीद की जा रही है। इसकी जांच होनी चाहिए। डिप्टी आरएमओ विनय प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है, मामले की जांच करा कार्रवाई होगी।

समिति से नहीं मिल रही खाद

इस समिति पर एक सप्ताह से खाद नहीं है। बीज का भी अभाव है। किसान पारस यादव, सुनील कुमार, अजय गुप्ता,सफीउल्लाह, इब्राहिम आदि का कहना है कि खाद-बीज के लिए समिति पर जाने पर न होने का बहाना बना कर लौटा दिया जा रहा है। सचिव मनोज राय ने बताया कि जो खाद-बीज आया था, उसे वितरित करा दिया गया। दोबारा डिमांड भेजी गई है। उपलब्धता होने पर ही किसानों को खाद-बीज वितरित किया जाएगा।

यह है लक्ष्य

-इस क्रय केंद्र का कुल 10 हजार क्विंटल लक्ष्य है, जिसके सापेक्ष 38 दिन में कुल 509.20 क्विंटल ही खरीद हुई है। अभी तक 23 किसान ही लाभान्वित हुए हैं। ऐसे में यहां की व्यवस्था का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

एक माह से भटक रहे किसान

क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू हुए एक माह से अधिक समय बीत गया, लेकिन अभी तक व्यवस्था में कोई सुधार नहीं आया है। बुधवार को क्रय केंद्रों पर खरीद की जो स्थिति सामने आई, वह व्यवस्था की पोल खोलने के लिए काफी है। भरवलिया स्थित क्रय केंद्र पर अब तक 1297 क्विंटल की खरीद हुई है। केंद्र प्रभारी गायब रहे, सहायक राकेश ने बताया कि अब तक कोई किसान नहीं आया। नेबुआ नौरंगिया ब्लाक के नौरंगिया लक्ष्मीपुर स्थित क्रय केंद्र पर अब तक 1622 क्विंटल धान की खरीदारी हुई है। देवगांव निवासी किसान अवधेश मल्ल ने बताया कि धान में नमी को लेकर दौड़ाया जा रहा है।

धान खरीद में लगाया धांधली का आरोप

तमकुही क्षेत्र के पिपरा कनक स्थित साधन सहकारी समिति में धान क्रय केंद्र पर धान खरीद में धांधली का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। बुधवार को ग्राम प्रधान मजीबुल होदा के साथ समिति पर उपस्थित मंसूर, रजनीश आदि किसानों ने बताया कि धान खरीद में हेराफेरी करके बाद में आए किसानों की खरीदारी की जा रही है। सचिव प्रेम सागर मिश्र ने बताया कि आरोप निराधार है।

chat bot
आपका साथी