पीड़ितों को दिलाएं त्वरित न्याय : एसपी

कुशीनगर के एसपी देर रात पडरौना कोतवाली पहुंचे वहां की स्थिति से अवगत हुए तथा तीन वर्षों में जमानत पाए अपराधियों की निगरानी का पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 01:18 AM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 01:18 AM (IST)
पीड़ितों को दिलाएं त्वरित न्याय : एसपी
पीड़ितों को दिलाएं त्वरित न्याय : एसपी

कुशीनगर : एसपी सचिन्द्र पटेल ने सोमवार की रात पडरौना नगर के कोतवाली का निरीक्षण किया। परिसर की सफाई तथा अभिलेखों के रख-रखाव की देखी तथा पुलिसकर्मियों को दायित्वों के प्रति सजग रहने व पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने को कहा।

रात साढ़े 10 बजे कोतवाली पहुंचे एसपी सीधे कार्यालय में गए। अपराध, आगंतुक, त्योहार, भूमि विवाद, हत्या व बीट रजिस्टर का निरीक्षण किया। अभिलेखों को अद्यतन तथा उनके रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इसके पश्चात वह मालखाना गए। वस्तुओं को नियमानुसार निस्तारण का निर्देश दिया। ड्रिल से संबंधित उपकरणों को सफाई के साथ रखने को कहा ताकि जरूरत पर तत्काल उपयोग किया जा सके। हवालात, बैरक व परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्था का हाल जाना। महिला हेल्प डेस्क पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी से पूछा कि आज दिन में कुल कितनी महिलाएं शिकायत लेकर आईं। सिपाही ने बताया कि 14 महिलाएं आईं थीं, जिनकी समस्या सुनकर समाधान कराया गया। बीट पुलिस अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा कर और भी तत्परता बरतने का निर्देश दिया। पीआरवी टीम की रिस्पांस टाइम 12-15 मिनट की जगह 10 मिनट करने को कहे। कोतवाल निर्भय कुमार सिंह को निर्देश दिया कि पीड़ितों की समस्या सुनकर त्वरित समाधान के कदम उठाएं। किसी को बेवजह परेशान न किया जाए। पीड़ितों के साथ पुलिसकर्मी मित्रवत व्यवहार करे। एसपी ने हिस्ट्रीशीटर, टाप टेन अपराधी तथा तीन वर्षों में जमानत पाए अपराधियों की हल्कावार सूची तैयार कर उन पर निगरानी रखने का निर्देश दिया।

पुलिस व जनता के बीच संवाद जरूरी

सोमवार को सेवरही थाना परिसर में दीपावली त्योहार को लेकर नवागत थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह की मौजूदगी में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें क्षेत्र के समस्त प्रधान एवं जनप्रतिनिधियों से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने व पुलिस प्रशासन और जन प्रतिनिधियों के बीच संवाद कायम रखने की अपील की गई। थानाध्यक्ष ने कहा कि शांति बनाए रखने में सभी बीट के सिपाहियों से हर छोटी बड़ी घटना को लेकर संवाद स्थापित किया जाना चाहिए जिससे समय से अपराध पर अंकुश लगाया जा सके। इस दौरान चौकी इंचार्ज राजेश कुमार मिश्र, एसआई शनि चावला, सभाजीत सिंह, प्रधान, वीरेंद्र प्रसाद, प्रधान प्रतिनिधि संतोष चौरसिया, रामचंद्र राय,पप्पू जायसवाल, मारकंडेय वर्मा आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी