कुशीनगर में बच्चों के विवाद में मारपीट, एक की मौत

कुशीनगर के तरयासुजान थाने के गोसाई पट्टी गांव में हुई मारपीट में एक महिला व बचा भी घायल हुए हैं इनका इलाज चल रहा है घटना के आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए हैं पुलिस तलाश में जुटी है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 11:19 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 11:19 PM (IST)
कुशीनगर में बच्चों के विवाद में मारपीट, एक की मौत
कुशीनगर में बच्चों के विवाद में मारपीट, एक की मौत

कुशीनगर : तरयासुजान थाना के गोसाईपट्टी गांव में मंगलवार की रात बच्चों के आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। जमकर लाठी डंडे चले, जिसमें तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए। घायल 26 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, एक महिला व बच्चा अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। घटना के आरोपित फरार हैं।

गांव के हरिप्रसाद, दया प्रसाद व सुनील के परिवार के बच्चे आपस में खेल रहे थे। इसी दौरान सुनील के पुत्र गुड्डू को दया प्रसाद के लड़के ने पीट दिया। दोनों घर की महिलाओं में विवाद हो गया। पुरुष सदस्य रात को लौटे तो घटना की जानकारी होने पर आमने-सामने हो गए। देखते-देखते मारपीट होने लगी। आरोप है कि इस दौरान सुनील के सिर पर दया व हरि प्रसाद ने डंडे से वार कर दिया। वह अचेत होकर गिर पड़े। दूसरे पक्ष की घेघिया देवी पत्नी दया प्रसाद का भी सिर फट गया और उनका 12 वर्षीय लड़का पप्पू भी घायल हो गया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। महिला व बच्चे का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा। सुनील की गोरखपुर के एक अस्पताल इलाज के दौरान बुधवार की सुबह मौत हो गई। एसएचओ कपिलदेव चौधरी ने बताया कि तीन व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

छह मासूम बच्चे हुए अनाथ

बच्चों के विवाद को लेकर उपजे क्रोध व उत्तेजना ने एक एक परिवार का भविष्य अंधकारमय कर दिया। मृतक सुनील परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। सह दाहूगंज बाजार में होटल चलाते थ। ठग उर्फ रामप्रवेश के दो लड़के अनिल और मृतक सुनील थे। बड़े लड़के अनिल की मृत्यु पांच वर्ष पूर्व हो चुकी है। सुनील पर 70 वर्षीय पिता व माता मालती देवी, पत्नी सीमल देवी व छह बच्चों की जिम्मेदारी के साथ बड़े भाई के परिवार की भी जिम्मेदारी थी। एसएचओ कपिलदेव चौधरी ने बताया कि मासूम बच्चों सहित परिवार के प्रति सहानुभूति है। उन्हें न्याय दिलाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी