अधिकारियों का दावा झूठा, नहीं हो रही गेहूं की खरीद : आरपीएन सिंह

कुशीनगर के पडरौना में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व गृह राज्यमंत्री ने प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप कहा एफसीआइ के अधिकारी कह रहे नहीं हुआ पल्लेदार का टेंडर गेहूं बेचने को लेकर किसान परेशान।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 12:47 AM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 12:47 AM (IST)
अधिकारियों का दावा झूठा, नहीं हो रही गेहूं की खरीद : आरपीएन सिंह
अधिकारियों का दावा झूठा, नहीं हो रही गेहूं की खरीद : आरपीएन सिंह

कुशीनगर: जनपद में गेहूं की खरीद को लेकर अधिकारियों का दावा झूठा साबित हो रहा है। क्रय केंद्रों पर बैनर तो लगे हैं, लेकिन खरीदारी नहीं हो रही है। गेहूं बेचने को लेकर किसान परेशान हैं और प्रशासन उदासीन है।

यह बातें पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री कुंवर आरपीएन सिंह ने बुधवार को पडरौना में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहीं। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न गांवों के किसान फोन कर गेहूं की खरीद न होने की शिकायत कर रहे हैं। जनपद में कुल 55 गेहूं क्रय केंद्र हैं, एफसीआइ क्रय केंद्र पर अभी तक गेहूं की खरीद शुरू ही नहीं हुई है। किसान बता रहे हैं कि केंद्र पर जाने पर अधिकारी व कर्मचारी कहते हैं कि अभी पल्लेदार का टेंडर नहीं हुआ है तो खरीदारी कैसे होगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिला खाद्य विपणन अधिकारी एक अप्रैल से ही सभी केंद्रों पर गेहूं खरीद होने का दावा कर रहे हैं, लेकिन हकीकत कुछ और है। जिला प्रशासन किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित कराए। वैसे भी किसान प्राकृतिक आपदा के शिकार हैं, अगर समय से उनके गेहूं की बिक्री नहीं होगी तो घर की जरूरतों को कैसे पूरा कर पाएंगे।

गेहूं खरीद शुरू न होने से किसानों के माथे पर पसीना

विशुनपुरा विकास खंड के साधन सहकारी समिति खेसिया को गेहूं क्रय केंद्र बनाया गया है, लेकिन इस पर ताला लटक रहा है। क्षेत्र के किसान परेशान हैं कि अपना गेहूं कैसे बेचें। शासनादेश एक अप्रैल से ही गेहूं खरीद शुरू करने का था, लेकिन यह कागज में ही अभी सीमित है। मौसम की बेरुखी देख उनके माथे पर पसीना आ रहा है।

नरचोचवा गांव के किसान शैलेश तिवारी व अमित ने बताया कि गेहूं की फसल कट गई है। अनाज घर में रख क्रय केंद्र के खुलने का इंतजार कर रहा हूं। मौसम कब बदल जाएगा, कोई ठिकाना नहीं है। बारिश हुई तो गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। संदीप ने बताया कि गेहूं बेचने के लिए कई बार केंद्र पर गया, लेकिन कोई जिम्मेदार नहीं मिला। इसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से भी की, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अभिषेक ने बताया कि तीन अप्रैल से ही क्रय केंद्र का चक्कर लगा रहा हूं। केंद्र न खुलने से घर लौटना पड़ता है। एसडीएम पडरौना कोमल यादव ने कहा कि केंद्र न खुलने की जानकारी नहीं है। इसे दिखवाया जाएगा, केंद्र चालू कराया जाएगा।

chat bot
आपका साथी