तबाही के मुहाने पर महदेवा खास टोला

कुशीनगर नारायणी के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने के बाद पांच दिनों तक बाढ़ की विभीषिका झे

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 11:59 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 11:59 PM (IST)
तबाही के मुहाने पर महदेवा खास टोला
तबाही के मुहाने पर महदेवा खास टोला

कुशीनगर: नारायणी के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने के बाद पांच दिनों तक बाढ़ की विभीषिका झेलने वाले महदेवा गांव के लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हो रही हैं। बाढ़ का पानी गांव से निकलने के बाद कटान तेज हो गई है। गांव का खास टोला तबाही के मुहाने पर खड़ा है। शुक्रवार की सुबह करीब 60 एकड़ खेत फसल समेत कट जाने के बाद नदी व खास टोला के बीच 60 मीटर की दूरी रह गई है। यहां के दो दर्जन परिवारों को भय सता रहा कि कटान नहीं रुका तो दो से तीन दिनों में इस टोले का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।

पिछले साल आई बाढ़ में भी डेढ़ माह तक इस गांव के आसपास कटान हुई थी। करीब 250 एकड़ खेत कट कर नदी में विलीन हो गए थे। उस दौरान महदेवा गांव के मुसहरी टोला व खास टोला पर खतरा बढ़ गया था। एसडीएम अरविद कुमार की पहल पर बाढ़ खंड, सिचाई विभाग व पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने कटान रोकने के लिए मिट्टी भरी हजारों बोरियां डलवा कर नदी का रुख मोड़ा था। इस साल समय से पहले आई बाढ़ ने फिर खास टोला पर संकट खड़ा कर दिया है।

---

क्या कहते हैं ग्रामीण

-आरिफ ने बताया कि खेत काटने के बाद नदी का रुख गांव की तरफ हो गया है। अगर धारा नहीं मोड़ी गई तो खास टोला का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। किशोर भारती ने बताया कि कटान देखकर लोगों की नींद गायब हो गई है। खेत के बाद अगर घर कट गए तो हम लोग कहां जाएंगे। इसी माह में बेटी की शादी तय है, उसे कैसे संपन्न कराएंगे। उर्मिला देवी ने बताया कि पिछले साल कटान से खेत नदी में समा गया। कुनबे के भरण-पोषण के लिए पति पंजाब कमाने गए हैं। समय से पहले बाढ़ का आना व कटान होना वज्रपात के समान है। प्रधान प्रतिनिधि नथुनी कुशवाहा ने बताया कि कटाव को रोकने के लिए तहसील प्रशासन से मांग की गई है। एसडीएम ने आश्वासन दिया है, उम्मीद है प्रशासन जरूर कोई उपाय करेगा।

---

महदेवा गांव के खास टोला के समीप कटान की सूचना मिली है। नदी गांव के समीप कटान कर रही है, यह संज्ञान में नहीं था। राजस्वकर्मी को मौके पर भेजकर स्थिति से अवगत कराने को कहा गया है। बाढ़ खंड, सिचाई विभाग व पीडब्ल्यूडी को कटान रोकने के लिए लगाया जाएगा।

-अरविद कुमार, एसडीएम

chat bot
आपका साथी