आस्था के जल से नहलाए गए भगवान भोलेनाथ

श्रावण मास के प्रथम दिन हर हर महादेव के जयकारे के साथ श्रद्धा भाव में डूबे रहे लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रही पुलिस।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 12:36 AM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 12:36 AM (IST)
आस्था के जल से नहलाए गए भगवान भोलेनाथ
आस्था के जल से नहलाए गए भगवान भोलेनाथ

कुशीनगर: सावन मास के पहले दिन रविवार को जिले भर के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ा। प्रमुख शिव मंदिरों पर तो श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। सुरक्षा व्यवस्था में पुलिसकर्मी जुटे रहे। हर हर महादेव के जयकारे के बीच जल लेकर पहुंचे लोगों ने आस्था के जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। शिवलिग पर गंगाजल, भांग, धतूर, बेलपत्र, अक्षत आदि पूजन सामग्री चढ़ा सुख-समृद्धि की मन्नत मांगी।

कुबेरस्थान के प्रसिद्ध कुबेरधाम धाम मंदिर में श्रद्धा, भक्ति का अनूठा संगम दिखा। ब्रह्मबेला से ही श्रद्धालुओं के आने का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह देर शाम तक चलता रहा। पूजन-दर्शन व जलाभिषेक के दौरान भक्तों के द्वारा लगाए जा रहे बम-बम भोले, हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। यहां नेपाल, बिहार सहित अन्य जगहों से भक्तों का जमावड़ा होता है। ऐसी मान्यता है कि यहां माथा टेकने वालों की मुरादें पूरी होती हैं। श्रावण माह में आशुतोष भगवान शिव शंकर को प्रसन्न करने का दुर्लभ संयोग मिलता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार इसी मास में उन्होंने विश्व के कल्याण के लिए विषपान किया था। सभी मंदिरों पर सुविधा के लिए बनाई गई घेराबंदी में महिला-पुरुष अलग-अलग कतारों में खड़ा होकर क्रमवार पूजा-पाठ करते रहे। महंत राजकुमार गिरी के नेतृत्व में जनार्दन मिश्र, विनोद गिरी, उमेश मिश्र, राजेंद्र पांडेय, अभिषेक तिवारी व्यवस्था में लगे रहे। एसओ उमेश कुमार मातहतों संग मुश्तैदी से जुटे रहे। इसके साथ ही सिधुआ बाबा मंदिर, करहिया मंदिर, खन्हवार देवी, जल्पा माई, अमवां बुजुर्ग, बसडीला पाण्डेय आदि मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही।

कलश यात्रा के साथ हुई हनुमानजी की प्रतिमा में प्राण प्रतिष्ठा

विकास खंड तमकुही के ज्वारभैसहा गांव के शिव मंदिर परिसर में हनुमान जी की प्रतिमा में प्राण प्रतिष्ठा की गई। इससे पूर्व कलश यात्रा निकाली गई।

श्रद्धालु सुबह गुरवालिया स्थित मौनी देवी दुर्गा मंदिर से जल भरकर कलश यात्रा निकली गई। यात्रा मंदिर परिसर में पहुंची तो पं. सुरेंद्र शुक्ल के नेतृत्व विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमा में प्राण प्रतिष्ठा कराई। मुख्य अतिथि भाजपा नेता डा. पीएन राय रहे। आयोजन समिति के संयोजक प्रधान संत खरवार ने आभार व्यक्त किया। भाजपा नेता अजय राय, श्रीनिवास राय, कन्हैया शर्मा, अमलेश तिवारी, शैलेंद्र तिवारी, महेश शुक्ला, रामप्रवेश शर्मा, राधेश्याम, राम प्रसाद कुशवाहा आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी