कुशीनगर में पति की दीर्घायु के लिए निर्जल व्रत रहीं महिलाएं

कुशीनगर में हरितालिका तीज के मौके पर महिलाओं ने की भगवान शिव व माता पार्वती की पूजा पर्व को लेकर जिले में रहा उल्लास का माहौल विभिन्न मंदिरों में चलता रहा दर्शन-पूजन व तीज की कथाओं का क्रम।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 10 Sep 2021 01:13 AM (IST) Updated:Fri, 10 Sep 2021 01:13 AM (IST)
कुशीनगर में पति की दीर्घायु के लिए निर्जल व्रत रहीं महिलाएं
कुशीनगर में पति की दीर्घायु के लिए निर्जल व्रत रहीं महिलाएं

कुशीनगर : पति के दीर्घायु होने तथा रक्षा की कामना लेकर महिलाओं ने हरितालिका तीज व्रत पर गुरुवार को निर्जला उपवास रखा। सुबह से शाम तक घरों में भगवान शिव व माता पार्वती के पूजन-अर्चन का क्रम लगा रहा। त्योहार को लेकर उल्लास का माहौल रहा। नगर के साकेत बिहारी मंदिर में व्रती महिलाओं ने दर्शन-पूजन कर व्रत की कथा सुनी। हाटा सहित अन्य कस्बों व गांवों में पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया।

आचार्य पारस नाथ चौबे ने बताया कि यह व्रत महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए करती हैं। भाद्रपद माह में शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को यह पवित्र त्योहार मनाया जाता है। इस दिन महिलाएं निर्जल उपवास रखकर भगवान शिव व माता पार्वती की प्रतिमा की पूजा करती हैं। धार्मिक ग्रंथों के अनुसार इस पर्व की परंपरा त्रेता युग से है। अखंड सौभाग्य तथा पति व संतान के कल्याण के लिए निर्जला व्रत रखने पर सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। भगवान शिव ने तीज के दिन ही माता पार्वती को पत्नी के रूप में स्वीकार किया था। क्षेत्र के विश्वनाथ मंदिर, महादेव छपरा स्थित शिव मंदिर में व्रती महिलाओं ने पूजन अर्चन कर कथा श्रवण किया। त्योहार को लेकर घरों व बाजार में उल्लास का माहौल रहा।

तीज व्रती महिलाओं पर भारी पड़ी बिजली कटौती

तीज पर निर्जला व्रत रही महिलाओं पर बिजली विभाग की संवेदनहीनता भारी पड़ी। गुरुवार को चिलचिलाती धूप व उमस के साथ गर्मी के बीच 12 घंटे में छह घंटे से अधिक बिजली गुल रही।

एक सप्ताह से बारिश न होने के चलते मौसम काफी गरम हो गया है। गुरवलिया सहित ग्रामीण फीडरों से विद्युत आपूर्ति सुबह 5.35 बजे से 7.35 बजे तक दो घंटे व दिन में 11.15 बजे से 3.15 बजे तक चार घंटे के लिए बंद कर दी गई। इसके अलावा लोकल फाल्ट व शटडाउन के चलते लगभग आधे घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। अवर अभियंता सागर कुमार ने बताया कि सारनाथ कंट्रोल रूम के निर्देश पर आपूर्ति बंद की जाती है।

chat bot
आपका साथी