कुशीनगर में अराजक तत्वों ने काट दिए पौधे, तोड़ दिए ब्रिकगार्ड

कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र के सिंगहा गांव में सड़क किनारे लगाए गए पौधों को अराजक तत्वों ने काट दिए मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Feb 2021 01:43 AM (IST) Updated:Thu, 25 Feb 2021 01:43 AM (IST)
कुशीनगर में अराजक तत्वों ने काट दिए पौधे, तोड़ दिए ब्रिकगार्ड
कुशीनगर में अराजक तत्वों ने काट दिए पौधे, तोड़ दिए ब्रिकगार्ड

कुशीनगर: रामकोला थाना क्षेत्र के सिगहा गांव में सड़क के किनारे लगाए गए पौधों को अराजक तत्वों ने काट दिया है। पौधों की सुरक्षा के लिए बनाए गए ब्रिकगार्ड भी तोड़ दिए गए हैं। बुधवार की सुबह किसी ने काटे गए पौधों को देख लोक जनशक्ति पार्टी के जिलाध्यक्ष आशीष मणि त्रिपाठी को जानकारी दी।

उन्होंने मौके पर जाकर तहकीकात की, कहा कि इसकी शिकायत अधिकारियों से करेंगे। सिगहा चौराहे पर पिछले वर्ष 19 दिसंबर को शहीद दिवस का आयोजन किया गया था। पूर्व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ल ने सड़क के किनारे श्मशान घाट पर पौधारोपण किया गया था। यहां लगाए गए पीपल, जामुन, पाकड़, बरगद के पौधे सात से आठ फीट के हो गए थे।

पेड़ काट रहे दो को पुलिस ने पकड़ा

कसया: कसया थाना क्षेत्र के गांव मठिया विशंभर माधोपुर में ग्राम सभा की सरकारी भूमि पर लगे पेड़ काटते दो लोग पकड़े गए। बुधवार की सुबह गांव के दो लोग सरकारी भूमि पर लगे हरा पेड़ काटने लगे। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा को दे दी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर थानाध्यक्ष संजय कुमार मौके पर पहुंचे तो पेड़ काट रहे दोनों व्यक्ति भागने लगे। पुलिस उन्हें दौड़ाकर पकड़ा और थाने लाई। थानाध्यक्ष ने बताया कि उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

किशोरी की आत्महत्या मामले में पांच पर मुकदमा

पडरौना सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी द्वारा आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने एक किशोरी समेत पांच के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। किशोरी ने बीते रविवार को फांसी लगाकर जान दे दी थी। मंगलवार रात उसके पिता ने गांव के ही शमीम, शक्ति, बलराज, रहमतुल्लाह व एक किशोरी समेत पांच के विरुद्ध तहरीर दी थी। कोतवाल अनुज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

किशोरी से छेड़छाड़, शिकायत पर भाई को पीटा

तरयासुजान थाना क्षेत्र के एक गांव में 17 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। घटना की जानकारी पर किशोरी का भाई जब आरोपित के घर शिकायत करने पहुंचा तो आरोपित ने उसकी पिटाई कर दी। पीड़ित पक्ष ने बुधवार को थाने में तहरीर दी। मंगलवार की शाम करीब छह बजे किशोरी गांव स्थित एक दुकान से सामान खरीदने गई थी। उसे अकेला देख गांव के ही युवक ने छेड़छाड़ की और धमकी दी। घर पहुंच कर पीड़िता ने स्वजन को जानकारी दी तो उसका भाई आरोपित के घर शिकायत। चौकी इंचार्ज सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष ने तहरीर दी है।

chat bot
आपका साथी