पूंजीपतियों को लाभ पहुंचा रही केंद्र सरकार: सुप्रिया

कुशीनगर में नए कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस ने कोटवा गांव में जनसभा का आयोजन किया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Jan 2021 12:49 AM (IST) Updated:Tue, 26 Jan 2021 12:49 AM (IST)
पूंजीपतियों को लाभ पहुंचा रही केंद्र सरकार: सुप्रिया
पूंजीपतियों को लाभ पहुंचा रही केंद्र सरकार: सुप्रिया

कुशीनगर: केंद्र सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए नए-नए कानून बना रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों व किसानों का हितैषी होने का ढोंग कर रहे हैं। नए कृषि कानूनों से किसान छले जाएंगे, पूरा लाभ औद्योगिक घराने उठाएंगे। पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ रही कीमत ने किसानों के सामने दिक्कत खड़ी कर दी है।

यह बातें कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहीं। वे कांग्रेस पार्टी की ओर से चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत सोमवार को नेबुआ नौरंगिया विकास खंड के कोटवा कला में सभा को संबोधित कर रही थीं। कहा कि नए कृषि कानून के विरोध में दिल्ली की सीमा पर दो माह से किसान आंदोलन कर रहे हैं। 70 किसानों की मौत हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि दाढ़ी-बाल बढ़ा लेने से कोई रवींद्रनाथ टैगोर नहीं बन जाता। पीएम मोदी के दामन में किसानों की मौत का दाग लग चुका है। क्रय केंद्रों पर किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा है और सरकार आय दोगुनी करने का दावा कर रही है। कोरोना काल की चर्चा करते हुए कहा कि अचानक ट्रेन बंद कर दी गईं। लाकडाउन में प्रवासी कामगार हजारों किमी पैदल चलने को विवश हुए। राहुल गांधी ने फरवरी में ही सरकार को चेताया था, लेकिन भाजपाई मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिराने में व्यस्त थे। मनरेगा व खाद्य सुरक्षा बिल कांग्रेस सरकार लाई थी। दोनों ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए संजीवनी साबित हुई। रोजगार के संसाधन कम होते जा रहे हैं। हाथरस की घटना का हवाला देते हुए कहा सूबे में महिलाएं सुरक्षित नहीं है।

प्रदेश सचिव कौशल त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष विजयलक्ष्मी शर्मा, जिला महासचिव सीताराम प्रधान, पीसीसी सदस्य राधेश्याम पासवान, जिला उपाध्यक्ष व्यास ओझा, धनंजय सिंह पहलवान, पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव नंदलाल चौहान, अजय जायसवाल, हिमांशु मिश्र, हरिगोविद सिंह आदि ने भी संबोधित किया। संदीप परदेशी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अध्यक्षता ब्लाक अध्यक्ष अनिरुद्ध कुशवाहा ने की व संचालन आफताब आलम ने किया।

chat bot
आपका साथी