राज्यस्तरीय सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने दिव्यांग लव

कुशीनगर के तमकुही ब्लाक के बिहार बुजुर्ग गांव निवासी युवक को सीएम ने किया सम्मानित भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के हैं उपकप्तान लव वर्मा।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 11:31 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 11:31 PM (IST)
राज्यस्तरीय सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने दिव्यांग लव
राज्यस्तरीय सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने दिव्यांग लव

कुशीनगर: तमकुही ब्लाक के बिहार बुजुर्ग गांव निवासी भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के उपकप्तान लव वर्मा को विश्व दिव्यांग दिवस पर शुक्रवार को लखनऊ स्थित डा. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के राज्यस्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया।

गांव के बीएल वर्मा एनटीपीसी अनपरा में तकनीशियन थे। सेवानिवृत्त के बाद छह माह से वह गांव में रहते हैं। इनकी तीन संतानों में दूसरे नंबर के लव वर्मा एक हाथ से दिव्यांग है। उनको बचपन से ही क्रिकेट का शौक रहा। अनपरा से अंतरराष्ट्रीय मैदान में खेलने वाले लव भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के उपकप्तान हैं। लव ने दूरभाष पर बताया कि दिव्यांग दिवस पर हर वर्ष विभिन्न क्षेत्र के 16 खिलाड़ियों का चयन कर प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष क्रिकेट टीम के पुरुष वर्ग में उनका चुनाव हुआ था। फूलन पटेल, डा. अनिल सिंह, अजय वर्मा, विनोद सिंह, अवधेश शर्मा, जितेंद्र कुशवाहा, दीपक कुशवाहा, रुदल सिंह आदि ने हर्ष व्यक्त किया है।

समाज के महत्वपूर्ण अंग हैं दिव्यांग : विधायक

दिव्यांगजन समाज के महत्वपूर्ण अंग हैं। इनकी उपेक्षा करके हमारा समाज सभ्य नहीं कहा जा सकता है। जरूरत है दिव्यांगों को सहारा व उचित सम्मान देकर समाज की मुख्य धारा से जोड़ने की। उनकी जरूरत के उपकरण उन्हें मुहैया करा कर उन्हें सबल बनाने की। यह बातें शनिवार को ब्लाक सभागार में आयोजित दिव्यांग कृत्रिम उपकरण वितरण समारोह के मुख्य अतिथि विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने कही।

कहा कि प्रत्येक दिव्यांगजन ने हर विधा में अपनी पहचान बनाई है। भाजपा नेता सतीश मणि त्रिपाठी ने कहा कि भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजन को मुफ्त में जरूरत के उपकरण उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। इस दौरान दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, व्हील चेयर, वैशाखी, कृत्रिम पैर व हियरिग एड दिए गए। जिला दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी अनुरिता सिन्हा ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शिवमोहन ने की और संचालन धनंजय मणि ने किया। बीडीओ राधेश्याम सिंह, एडीओ पंचायत देवेंद्र प्रसाद, विजय राय, लेखाकार चौधरी विधानचंद, अवनीश शुक्ल, सचिव कमल प्रसाद, विनोद द्विवेदी, दीपक गुप्त, दिनेश तिवारी, नागेंद्र पांडेय, अमरचंद जायसवाल उपस्थित रहें।

chat bot
आपका साथी