नशे का विरोध करने पर पत्नी को मार डाला

कुशीनगर के रामकोला थाने के खोटही गांव में छह वर्ष पूर्व हुई थी शादी अनाथ हो गई तीन बेटियां घटना के बाद से आरोपित पति फरार तलाश रही पुलिस।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 12:59 AM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 12:59 AM (IST)
नशे का विरोध करने पर पत्नी को मार डाला
नशे का विरोध करने पर पत्नी को मार डाला

कुशीनगर : रामकोला थाने के गांव खोटही के टोला परसिया में शनिवार को पति ने गला दबाकर पत्नी को मार डाला। घटना की वजह पत्नी द्वारा पति के नशे का विरोध करना बताया जा रहा। गांव के लोगों की सूचना पर पुलिस शव को कब्जे में ले लिया है। आरोपित पति फरार है। चौकीदार की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

बताया जा रहा है कि 30 वर्षीय मोती खट्टिक शुक्रवार रात को नशे में घर आया। 26 वर्षीय पत्नी सुनीता ने जब इसका विरोध किया तो उसने बुरी तरह मारा-पीटा। सुबह रोज की तरह वह घर के काम में जुट गई। लगभग 10 बजे खाना खाने के बाद वह कमरे में आराम करने गई। इधर गांव में मेला देखने गईं बच्चियां छह वर्षीय गरिमा व चार वर्षीय छांगुरी करीब 11 बजे घर लौटीं तो मां को बेड पर अचेत पड़ा देख आवाज दीं पर कोई जवाब नहीं मिला तो वह रोने-चिल्लाने लगीं। आसपास के लोग आ गए। ग्रामीणों के अनुसार सुनीता की मौत हो चुकी थी। गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो बेड पर सुनीता का शव पड़ा था। बगल में पांच माह की बच्ची सो रही थी। मोती दो भाइयों में छोटा है। बड़ा भाई अलग रहता है। पिता की मौत काफी पहले हो गई, मां बड़े बेटे के साथ रहती है।

एसएचओ दुर्गेश कुमार सिंह ने कहा कि मोती मेहनत मजदूरी करता है। छह वर्ष उसने सुनीता संग प्रेम विवाह किया था। तब रोजी-रोटी के सिलसिले में वह बाहर रहता था। सुनीता कौन थी, और कहां की रहने वाली थी, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। उसके मायके के विषय में बता किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी