कुशीनगर में आरक्षण की मांग को लेकर निकाली रैली

कुशीनगर में सैंथवार-मल्ल स्वाभिमान मोर्चा ने कलेक्ट्रेट परिसर में बैठक कर मांगों को लेकर भरी हुंकार नगर की सड़कों पर युवकों ने निकाली बाइक रैली।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 12:51 AM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 12:51 AM (IST)
कुशीनगर में आरक्षण की मांग को लेकर निकाली रैली
कुशीनगर में आरक्षण की मांग को लेकर निकाली रैली

कुशीनगर : राष्ट्रीय सैंथवार-मल्ल स्वाभिमान मोर्चा की बाइक जन चेतना रैली रविवार को पडरौना में निकली। आरक्षण अधिकार है हमारा का नारा लगाते बाइक पर सवार युवा बाइक रैली के जरिये आमजन को जागरूक कर रहे थे। बाइक पर बैनर, चार पहिया वाहनों पर पोस्टर लगे थे। रैली कलेक्ट्रेट पर पहुंची जहां सभा की गई। सभी ने अपने हक के लिये हर जिले व गोरखपुर मंडल मुख्यालय पर रैली निकालने का संकल्प दोहराते हुय एकजुटता का आह्वान किया।

रविवार को सुबह से पडरौना नगर में जनपद के सभी तहसीलों व गांवों से मोटरसाइकिलों से युवक आने लगे। रामकोला रोड स्थित एक निजी विद्यालय में जुटे लोगों ने सहस्त्रवारम् सैंथवारम, मूल नाम से आरक्षण की मांग को लेकर हुंकार भरी। रैली में शामिल लोग सैंथवार-मल्ल के मूल नाम से आरक्षण की मांग कर रहे थे। नारे में राजनीतिक विकल्प चुनने की भी चेतावनी दी गई। रैली का नेतृत्व कर मोर्चा के जिला प्रभारी व इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अधिवक्ता अनूप कुमार सिंह ने कहा कि सैंथवार-मल्ल समाज का न सिर्फ युवा बल्कि प्रौढ़ व बुजुर्ग भी जाग चुका है। रैली में विधान परिषद सदस्य राम अवध यादव को मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने कहा आगे जब भी सदन शुरू होगा मोर्चा की इस वाजिब मांगों को उठाने का आश्वासन दिया।

जन चेतना रैली बावली चैक, रामकोला रोड, सुभाष चैक, कोतवाली, तिलक चैक, दरबार रोड, अंबे चैक, रेलवे स्टेशन, कठकुईयां मोड, छावनी, रवींद्र नगर तक पहुंची। कलेक्ट्रेट के समक्ष सभा कर मांगों को और तेज करने के संकल्पों के साथ रैली का समापन किया गया। रैली के दौरान जगह-जगह स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर मोर्चा के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण भी किया। इंजीनियर मनोज सिंह, अनिल सिंह, उपेन्द्र सिंह, रजनीश सिंह जनवार, अनिल सिंह, शेषनाथ सिंह, जय प्रकाश मल्ल, राजू मल्ल, रत्नेश सिंह, राजेश मल्ल, ईश्वर सिंह, रविन्द्र सिंह, नवल किशोर सिंह, देवदत्त सिंह, आशुतोष सिंह बहुगुणा, उज्जैन सिंह, महेंद्र सिंह, शैलेश कुमार सिंह, राम प्यारे सिंह, अधिवक्ता सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी