किशोरी के अपहरण का आरोपित गिरफ्तार, भेजा गया जेल

कांगड़ा का रहने वाला है आरोपित चल रहा था फरार।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 26 Feb 2021 11:55 PM (IST) Updated:Fri, 26 Feb 2021 11:55 PM (IST)
किशोरी के अपहरण का आरोपित गिरफ्तार, भेजा गया जेल
किशोरी के अपहरण का आरोपित गिरफ्तार, भेजा गया जेल

कुशीनगर: कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को किशोरी के अपहर्ता को सुकरौली बाजार से गिरफ्तार कर लिया। वह घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस उसे न्यायालय ले गई, वहां से उसे जेल भेज दिया गया।

दारोगा सुरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि टीम के साथ सुबह वह गश्त पर थे। सूचना मिली कि किशोरी के अपहरण मामले में आरोपित व फरार चल रहा राहुल निवासी छोटी हलेड थाना व जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश सुकरौली बाजार में मौजूद है। टीम वहां पहुंची तो वह भागने लगा लेकिन उसे दबोच लिया गया। पुलिस न्यायालय ले गई, वहां से उसे जेल भेज दिया गया।

कोतवाली क्षेत्र निवासी 15 वर्षीय किशोरी 19 अक्टूबर 2020 को घर से बाजार गई लेकिन वापस नहीं लौटी। संभावित स्थान पर तलाश करने के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। अगले दिन कुछ लोगों ने हाटा स्थित एक दुकान पर काम करने वाले युवक राहुल के साथ किशोरी को देखने की बात बताई। किशोरी के पिता ने कोतवाली पहुंच तहरीर दी। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध अपहरण सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। 15 फरवरी को पुलिस ने किशोरी को हाटा नगर से बरामद कर लिया। उस समय आरोपित पुलिस के हाथ नहीं आया।

तीन वर्षीय बालक गायब

इंदरपुर: कप्तानगंज थाने के गांव बरवा खास निवासी एक तीन वर्षीय बालक के गायब होने का मामला सामने आया है। बच्चे के पिता ने शुक्रवार को तहरीर देकर घटना की जानकारी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। घटना गुरुवार शाम की है। संजय कुमार गांव के पास नहर की पुलिया पर चाय की दुकान चलाते हैं। गुरुवार शाम को दुकान के पास उनका तीन वर्षीय पुत्र अरुण खेल रहा था। करीब पांच बजे संजय ने बेटे को कई बार आवाज दी लेकिन उसका पता नहीं चला। उन्होंने आस-पास उसकी तलाश पर कोई सुराग नहीं मिला। घर व रिश्तेदारों के यहां पूछताछ की। सुबह थाने पहुंच उन्होंने तहरीर दी। एसएचओ कपिलदेव चौधरी ने कहा कि गुमशुदगी दर्ज कर बच्चे की तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी