नहाते समय गंगा में डूबा अधेड़, मौत

कसेंदा पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में फतेहपुर घाट में गंगा स्नान कर रहे अधेड़ का पैर फिसल

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 09:49 PM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 09:49 PM (IST)
नहाते समय गंगा में डूबा अधेड़, मौत
नहाते समय गंगा में डूबा अधेड़, मौत

कसेंदा : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में फतेहपुर घाट में गंगा स्नान कर रहे अधेड़ का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। काफी प्रयास के बाद गोताखोरों ने उसका शव नदी से बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार वालों की रजामंदी पर बिना पोस्टमार्टम कराए शव उनके सुपुर्द कर दिया।

सरायअकिल के कोटिया गांव निवासी 50 वर्षीय हरिलाल दिवाकर उर्फ लाला कपड़े प्रेस करने के लिए ठेलिया लेकर गांव में फेरी लगाता था। इससे होने वाली आय से वह परिवार का भरण पोषण करता था। शुक्रवार को गांव से पूजा पाठ के लिए (निशान लेकर) दर्जन भर से अधिक लोग पूरामुफ्ती के फतेहपुर गंगा घाट पर गए हुए थे। उसी में शामिल होकर हरिलाल भी पहुंचा। पूजा पाठ के बाद साथ रहे कुछ लोग गंगा नदी में स्नान करने लगे। इसी बीच हरिलाल भी स्नान करने के लिए गंगा में कूद पड़ा और वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख कुछ लोगों ने शोर मचाया तो बचाव के लिए गोताखोरों ने भी नदी में छलांग लगा दी, लेकिन तब तक हरिलाल डूब चुका था। काफी मशक्कत के बाद उसका शव निकाला गया। शव लेकर लौटे स्वजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया है। कुल्हाड़ी से युवक पर हमला: चरवा थाना क्षेत्र के मड़ूकी गांव में भूमि बंटवारे के विवाद में कुछ लोगों ने युवक पर कुल्हाड़ी से हमला बोलकर घायल कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने घायल युवक को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा और उसके पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।

मड़ूकी निवासी मानसिंह का गांव के ही मनराखन सिंह से भूमि बंटवारे को लेकर विवाद चला आ रहा है। मानसिंह का कहना है कि गुरुवार को मनराखन सिंह का मानसिंह के बेटे दिलीप से कहासुनी होने लगी। मानसिंह का आरोप है कि इस पर मानराखन सिंह व उसके परिवार के धीरेंद्र, सरोज देवी व रेशमी देवी ने दिलीप पर कुल्हाड़ी व लाठी से हमला बोल दिया। इससे वह लहूलुहान हो गया। ग्रामीणों के हस्तक्षेप पर सभी लोग धमकी देते हुए भाग निकले। शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी