पुष्पवर्षा से स्वागत, बूथ पर बना वेटिग रूम

सखी बूथों पर सखियों ने गाए मतदान के गीत गुब्बारों से सजे ढोल-नगाड़े भी बजाए गए

By JagranEdited By: Publish:Tue, 23 Apr 2019 10:41 PM (IST) Updated:Thu, 25 Apr 2019 06:26 AM (IST)
पुष्पवर्षा से स्वागत, बूथ पर बना वेटिग रूम
पुष्पवर्षा से स्वागत, बूथ पर बना वेटिग रूम

कासगंज, जागरण संवाददाता। लोकसभा चुनाव में मॉडल बूथ ने मतदाताओं को लुभाया। बूथ पर धूप में खड़े रहने की पुरानी यादें बूथ पर पहुंचते ही काफूर हो गई। सहावर में मॉडल बूथ पर सोफे पड़े हुए थे तो नगर पालिका में भी सोफे पड़े हुए थे। वोट डालने आने वालों ने लाइन देख कर यहां पर वक्त बिताया तो गंजडुंडवारा के बूथों पर स्काउट ने आने वालों का स्वागत ही नहीं किया, बल्कि उन्हें पानी भी पिलाया। वहीं सखी बूथों पर जहां मतदानकर्मी के रूप में महिलाएं थी तो बूथों के बाहर तक गुब्बारे सजे हुए थे।

लोकसभा चुनाव को प्रशासन की व्यवस्थाओं ने इस बार उत्सव जैसा रूप दे दिया। हालांकि सभी बूथों पर व्यवस्था नहीं हो सकी, लेकिन मॉडल बूथों ने एक छाप छोड़ी। इन बूथों पर मतदान करने जाने वालों ने भी इसका आनंद उठाया। सेल्फी लेने के लिए इन बूथों पर लंबी लाइनें लगी रहीं। नगर पालिका में बनाए गए सखी बूथ पर तो महिलाओं के मंगल गीत मतदाताओं को प्रेरित कर रहे थे। इन बूथों पर आकर्षक सजावट थी तो सोरों में तो बूथ पर फुव्वारे अलग ही नजारा प्रस्तुत कर रहे थे। जहां वोट डालने के बाद मतदाता सीधे घर की तरफ जाते थे, इन बूथों पर मतदाता वोट डालने के बाद सेल्फी लेते नजर आए। वहीं इन बूथों पर आने वाले दिव्यांगों का कहीं बच्चों ने स्वागत किया तो कहीं अन्य लोगों ने। 80 वर्षीय वृद्ध तारिक अहमद एवं राधेश्याम माहेश्वरी ने कहा कि बूथों पर इस तरह की व्यवस्था पहली बार देखी है।

डीएम-एसपी ने दिया दिव्यांगों को सहारा :बूथों पर दिव्यांग मतदाताओं का विशेष ध्यान रखा गया। बिलराम में बूथ पर डीएम-एसपी पहुंचे तो दो सगी बहनों को व्हील चेयर पर वोट डालकर लौटते देख उन्होंने खुद उन्हें बाहर तक छोड़ा। वहीं बिलराम में बूथों पर दिव्यांगों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

वोट डाला, वीवीपैट पर आई पर्ची :

वीवीपैट को लेकर भी मतदाता उत्सुक नजर आए। वोट डालने के बाद उन्होंने वीवीपैट पर पर्ची को देखा। मतदाता बाहर आकर भी वीवीपैट के संबंध में बात कर रहे थे।

chat bot
आपका साथी