अस्पताल के फरमान से उड़ गई तीमारदारों की नींद

शहर के मिशन हास्पीटल के संचालकों द्वारा मंगलवार देर रात कोविड म

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 03:53 AM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 03:53 AM (IST)
अस्पताल के फरमान से उड़ गई तीमारदारों की नींद
अस्पताल के फरमान से उड़ गई तीमारदारों की नींद

संवाद सहयोगी, कासगंज : शहर के मिशन हास्पीटल के संचालकों द्वारा मंगलवार देर रात कोविड मरीजों के तीमारदारों को अस्पताल में मात्र कुछ घंटे की आक्सीजन होने सूचना देकर मरीजों को कहीं और शिफ्ट करने की चेतावनी दी तो इस संदेश से तीमारदारों की नींद उड़ गई। रात भर आक्सीजन के लिए भागदौड़ करते रहे। रात भर अधिकारियों के दरवाजे और फोन खटखटाए। आक्सीजन की व्यवस्था होने पर राहत की सांस ली।

शहर के मिशन हास्पिटल को कोविड अस्पताल बनाया गया है। इसमें संक्रमित आइसोलेट हैं। 22 रोगी आक्सीजन पर हैं। मंगलवार रात हास्पीटल प्रशासन ने रोगियों के तीमारदारों को फोन कर संदेश दिया कि अस्पताल में आक्सीजन की कमी है। बुधवार सुबह खत्म हो जाएगी। अपने रोगियों को शिफ्ट करने की व्यवस्था करें। यह संदेश मिलते ही लोगों की नींद उड़ गई। लोग परेशान हुए। लोगों ने मीडिया को फोन कर मदद मांगी तो वहीं स्थानीय अधिकारियों के अलावा मंडलायुक्त के फोन खटखटाए। रात लगभग दो बजे कुछ मीडिया कर्मी तीमारदारों के साथ सीएमओ के आवास पर पहुंच गए। सीएमओ ने मामले में संज्ञान लिया और फिर डीएम सीपी सिंह ने भी मामले की गंभीरता समझी और स्वास्थ्य विभाग की टीम को मिशन अस्पताल भेजा। जहां 11 सिलिंडर आक्सीजन के मौजूद थे। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। अस्पताल को बुधवार को आगरा से और भी आक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराए गए हैं।

----------------------

अस्पताल प्रशासन ने गलत तरीके से संदेश जारी किया। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। जबकि अस्पताल में 11 सिलिंडर मौजूद थे। यदि अस्पताल प्रबंधन की कोई समस्या थी तो उसे सीएमओ को अवगत कराना चाहिए था। इस तरह का संदेश देना गलत था। जिले में आक्सीजन की कमी नहीं होने दी जाएगी। व्यवस्थाओं को लेकर पूरी गंभीरता बरती जा रही है। - सीपी सिंह, डीएम

chat bot
आपका साथी