सड़क हादसों में वृद्धा सहित तीन की मौत, पांच घायल

ननिहाल आए युवक को मामा के लड़के के साथ समारोह के बीच गांव से बाहर जाना भारी पड़ा। वहीं ससुराल से लौट रहे युवक को भी वाहन ने रौंद दिया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 18 May 2019 10:46 PM (IST) Updated:Sun, 19 May 2019 06:25 AM (IST)
सड़क हादसों में वृद्धा सहित तीन की मौत, पांच घायल
सड़क हादसों में वृद्धा सहित तीन की मौत, पांच घायल

जेएनएन, कासगंज : शुक्रवार को अलग-अलग सड़क हादसों में वृद्धा सहित तीन की मौत हो गई। ननिहाल आए युवक को मामा के लड़के के साथ समारोह के बीच गांव से बाहर जाना भारी पड़ा। वहीं ससुराल से लौट रहे युवक को भी वाहन ने रौंद दिया। अन्य हादसों में मां बेटे सहित पांच घायल हो गए।

ननिहाल शादी में आए युवक की मौत :

पटियाली : जिला एटा के थाना रिजौर के गांव फफतो निवासी 18 वर्षीय जय प्रकाश पुत्र मोहनबाबू की नगला गनेश में ननिहाल है। वह ननिहाल में रिश्ते के मामा की शादी में शामिल होने के लिए आया था। बताया जाता है वह अपने मामा के बेटे सिटू पुत्र रामौतार के साथ बाइक से नगला गणेश जा रहा था। इस दौरान अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जयप्रकाश की मौके पर मौत हो गई। वहीं सिटू गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को अस्पताल लेकर आई। सिटू की हालत गंभीर होने पर परिजन उसको उपचार के लिए दिल्ली ले गए।

जेठ के घर से लौट रही महिला को वाहन ने रौंदा :

कासगंज-सोरों मार्ग स्थित जेपी मराठा होटल के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्धा मुन्नी बेगम पत्नी मेंहदी हसन निवासी बाकनेर थाना कासगंज की मौत हो गई। मृतका अपने जेठ मोहम्मद वशीर निवासी कासगंज के यहां से अपने घर लौट रही थी। रास्ते में अज्ञात वाहन ने वृद्धा को टक्कर मार दी। उसकी मौके पर मौत हो गई।

ससुराल से लौट रहे युवक को रौंदा : थाना सिकदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव सनौडी खास निवासी रमेश चंद्र पुत्र रामप्रकाश को शुक्रवार रात कादरगंज स्थित बरी वगवास के समीप अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। युवक की ससुराल बदायूं जिले के थाना अलापुर के गांव नगला सुंदर में है। वह देर रात बाइक से अपनी ससुराल से गांव वापस लौट रहा था। मार्ग में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। वहीं अन्य सड़क हादसों में निर्मला पत्नी सुशील, अनुज और अनूप पुत्रगण सुशील निवासी अमांपुर थाना अमांपुर, गौतम पुत्र मंगोली निवासी मनकपुरा थाना सोरों घायल हो गए।

chat bot
आपका साथी