हड़ताली एंबुलेंस कर्मियों की सेवा समाप्ति का आया फरमान

लगातार हड़ताल एवं चक्का जाम कर रहे एंबुलेंस कर्मचारियों की सेवा सम

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 04:27 AM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 04:27 AM (IST)
हड़ताली एंबुलेंस कर्मियों की सेवा समाप्ति का आया फरमान
हड़ताली एंबुलेंस कर्मियों की सेवा समाप्ति का आया फरमान

संवाद सहयोगी, कासगंज : लगातार हड़ताल एवं चक्का जाम कर रहे एंबुलेंस कर्मचारियों की सेवा समाप्ति का फरमान आ गया है। जिससे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। बुधवार को समझौता वार्ता के लिए पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों के सामने सेवा समाप्ति की वापसी एवं प्रशासन द्वारा कराई गई एफआइआर की वापसी को लेकर कर्मचारी अड़े रहे। समझौता नहीं हो सका हड़ताल जारी है।

हड़ताली एंबुलेंस कर्मचारियों ने विगत मंगलवार की देर शाम 11 एंबुलेंस संचालित करने को प्रशासन के समक्ष सहमति दे दी थी। लेकिन शेष एंबुलेंस संचालक चक्का जाम एवं हड़ताल पर ही रहे। बुधवार को पुन: प्रशासनिक अधिकारी एडीएम एके श्रीवास्तव, एएसपी आदित्य प्रकाश वर्मा, सीएमओ डा. अनिल कुमार समझौता वार्ता के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। एंबुलेंस संचालकों की ओर से संगठन के जिलाध्यक्ष अखिलेश अग्निहोत्री से बातचीत की। लेकिन काफी देर तक दोनों पक्षों में चर्चा होने के बाद कोई मामला तय नहीं हो सका। अखिलेश अग्निहोत्री का कहना था कि शासन ने उनकी सेवा समाप्ति का जो आदेश जारी किया है। उसे तत्काल वापस लिया जाए। जिन एंबुलेंस कर्मियों पर जो मुकदमे दर्ज हुए, उन्हें वापस लिया जाए। इसके बाद ही हड़ताल समाप्त होगी। लेकिन प्रशासन की ओर से कोई संतोषजनक जबाव न मिलने के कारण हड़ताल जारी है।

---------------------------

इन सात एंबुलेंस कर्मियों पर दर्ज हुआ मुकदमा

जिला प्रोग्राम मैनेजर अभिषेक पांडेय ने कासगंज कोतवाली में सात एंबुलेंस संचालकों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया है। इनका आरोप है कि एंबुलेंस संचालक रनवीर सिंह लोधी, देवेंद्र पाल सिंह, अखिलेश कुमार, नाहर सिंह, सुनील कुमार, पवन कुमार, देवेश ने कंपनी के नियमों के विरुद्ध अन्य एंबुलेंस संचालकों को भड़का कर हड़ताल कराई है।

-----------------------------

लगातार समझौता वार्ता की जा रही है लेकिन कोई हल नहीं निकल पा रहा है। प्रदेश स्तर पर इनके नेताओं सहित कुछ लोगों की सेवा समाप्ति के आदेश जारी हुए हैं। बातचीत कर रहे हैं। हल निकलने की संभावनाएं बनी हुई हैं।

- डा. अनिल कुमार सीएमओ

chat bot
आपका साथी