पिता व सौतेली मां ने की युवक की हत्या

पुलिस ने ताला तोड़कर शव कब्जे में ले लिया है। घटना के 24 घंटे बाद ही आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 23 Nov 2020 07:00 AM (IST) Updated:Mon, 23 Nov 2020 07:00 AM (IST)
पिता व सौतेली मां ने की युवक की हत्या
पिता व सौतेली मां ने की युवक की हत्या

कासगंज, संवाद सहयोगी। सदर कोतवाली के गांव नगला मामों में पिता ने दूसरी पत्नी के साथ मिलकर युवक की गला दबाकर हत्या कर दी। दंपती शव घर मे बंदकर भाग गए। पुलिस ने शनिवार देर रात ताला तोड़कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपित दंपती को गिरफ्तार कर लिया गया है।

नगला मामों निवासी रामरतन की पत्नी सुनीता की वर्ष 2006 में मृत्यु हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद उसने बंगाल की विमलेश से विवाह कर लिया। पहली पत्नी से दो पुत्र थे। दोनों मां की मौत के बाद ननिहाल अमांपुर के गांव बीनपुरा में रहने लगे थे। यहां छोटे पुत्र की बीमारी से मौत हो गई। बड़ा पुत्र 24 वर्षीय आकाश बीते पांच माह से पिता के पास ही रहने लगा था। दूसरी पत्नी विमलेश के भी दो संतान हैं। रामरतन अपनी नौ बीघा जमीन में से पांच बीघा बेच चुका था। चार बीघा जमीन वह बेचना चाहता था। आकाश पिता पर यह जमीन अपने नाम करने का दबाव बना रहा था। शुक्रवार को इसी बात को लेकर दोनों ने दिन में आकाश से मारपीट की, रात में गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपित के भाई खुशीराम ने रामरतन और विमलेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दंपती को अलीगढ़ जिले के गंगीरी गांव से एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया।

------

खुद ही दी हत्या की जानकारी

हत्यारोपित रामरतन ने अपने भाई खुशीराम को शनिवार को फोन कर पशुओं को चारा डालने को कहा। साथ ही, आकाश की हत्या करने की बात कही। बताया कि वह शव घर में बंदकर भागा हुआ है। खुशीराम ने यह जानकारी पुलिस को दी।

----

'हत्यारोपित दंपती को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने आकाश की हत्या करना स्वीकार किया है। आरोपितों को जेल भेजा जा रहा है।'

- आरके तिवारी, सीओ सदर

chat bot
आपका साथी