सहेली के घर छात्रा की गोली लगने से मौत

कासगंज संवाद सहयोगी शहर के कोट मुहल्ला में सहेली के घर आई कक्षा नौ की छात्रा की गोली लगने से मौत हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 05:49 AM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 05:49 AM (IST)
सहेली के घर छात्रा की गोली लगने से मौत
सहेली के घर छात्रा की गोली लगने से मौत

कासगंज, संवाद सहयोगी: शहर के कोट मुहल्ला में सहेली के घर आई कक्षा नौ की छात्रा की गोली लगने से मौत हो गई। गोली किसने मारी, पुलिस को इसकी जानकारी नहीं हो पाई है। मौके से लाइसेंसी रायफल बरामद हुई है। छात्रा के पिता ने सहेली, उसके पिता के साथ ही दो अन्य सहेलियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

शहर के दुर्गा कालोनी निवासी संदीप राजपूत (मूल निवासी वनगांव, एटा) बिजली विभाग में संविदाकर्मी हैं। उनकी 17 वर्षीय पुत्री प्रिया शहर के एक स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा थी। उसी के साथ कोट मुहल्ला निवासी सहेली भी पढ़ती थी। दोनों सहेलियों का एक-दूसरे के घर आना-जाना भी था। गुरुवार को विज्ञान विषय की परीक्षा थी। 12 बजे परीक्षा देने के बाद प्रिया अपनी सहेली के घर चली गई।

दोपहर डेढ बजे सहेली के घर से फायर की आवाज पड़ोसियों ने सुनी। पुलिस पहुंची तो घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में प्रिया का लहूलुहान शव मिला। सहेली और उसके परिवार के लोग भाग गए थे। इंस्पेक्टर रमेश प्रसाद भारद्वाज ने शव को पोस्टमार्टम गृह भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल से रायफल बरामद की।

ऐसे हुई मृतका की पहचान

मृतका के बारे में कोई भी पुलिस को जानकारी नहीं दे पाया। घटनास्थल पर परीक्षा का प्रश्नपत्र मिला, जिस पर छात्रा का नाम, कक्षा और स्कूल का नाम लिखा था। पुलिस ने स्कूल जाकर पूरी जानकारी ली और इसके बाद मृतका के स्वजन को करीब तीन बजे घटना से अवगत कराया। परिवार में मचा कोहराम

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोती बिलखती मां अन्य महिलाओं के साथ घटनास्थल पर पहुंची। जब तक पिता भी मौके पर पहुंच गए थे। फोन द्वारा सूचना नाते रिश्तेदारों को दी गई तो कुछ ही देर में बड़ी संख्य में नाते रिश्तेदार व परिचित भी वहां पहुंच गए। लोगों में पुलिस के खिलाफ इस बात को लेकर आक्रोश था कि सूचना देरी से क्यों दी गई। सीओ डीके पंत ने असलियत बताई, तब लोग शांत हुए।

चौराहे पर बैठे स्वजन, लगा जाम

घटना को लेकर आक्रोश जता रहे स्वजन और रिश्तेदार बिलराम गेट चौराहे पर बैठ गए। जिससे जाम लग गया। घटना के आरोपितों की गिरफ्तारी और पर्दाफाश की मांग कर रहे थे। सीओ डीके पंत ने मौके पर पहुंचकर स्वजनों को समझाया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ के समझाने के बाद आक्रोशित मान गए। लगभग पौन घंटे तक बिलराम गेट चौराहे पर बैठे लोगों के कारण यातायात व्यवस्था चरमराई और जाम के हालात बने।

--

चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा

मृतका के पिता ने सहेली, उसके पिता और दो अन्य सहेलियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। तहरीर में आरोप है कि सहेली उसे अपने घर बुलाकर ले गई थी, जहां अपने पिता के साथ मिलकर उसकी पुत्री से मारपीट की, फिर रायफल से गोली मारकर हत्या कर दी है।

-------------------------

बाक्स: रायफल दिखाते समय चली गोली

मृतका के पिता की तहरीर में नामजद दो अन्य सहेलियों से पुलिस ने पूछताछ की। बकौल इंस्पेक्टर, दोनों छात्राओं ने बताया कि वे चारों कमरे में थीं। उसकी सहेली अपने पिता की रायफल दिखा रही थी, अचानक गोली चल गई।

छात्रा की गोली लगने से मौत हुई है। इस मामले में हत्या का मुकदमा चार लोगों के विरुद्ध दर्ज किया गया है। आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई है।

- बोत्रे रोहन प्रमोद, एसपी

chat bot
आपका साथी