मार्गशीर्ष पूर्णिमा को गंगा के घाटों पर उमड़ी श्रद्धा

कासगंज संवाद सहयोगी मार्गशीर्ष पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए गंगा तटों पर पहुंचे श्रद्धालुओें ने कड़कड़ाती ठंड में स्नान किया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 30 Dec 2020 05:32 AM (IST) Updated:Wed, 30 Dec 2020 05:32 AM (IST)
मार्गशीर्ष पूर्णिमा को गंगा के घाटों पर उमड़ी श्रद्धा
मार्गशीर्ष पूर्णिमा को गंगा के घाटों पर उमड़ी श्रद्धा

कासगंज, संवाद सहयोगी: मार्गशीर्ष पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए गंगा तटों पर पहुंचे श्रद्धालुओें ने कड़कड़ाती ठंड में स्नान किया। गंगा मैया को चुनर उड़ाकर पूजन अर्चन किया। जरूरतमंदों एवं कुष्ठ रोगियों को भोजन कराकर दान दिया। घाटों पर हर-हर गंगे के स्वर गूंजते रहे।

मार्गशीर्ष पूर्णिमा पर गंगा में स्नान उत्तम फलदायी माना गया है। इसी मान्यता के चलते पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर सोमवार से ही दूर-दूर से श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंच गए। सोरों की हरिपदी गंगा, कछला गंगा घाट, लहरा गंगा घाट एवं कादरगंज घाट पर भी पहुंचकर श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। ठंड पर आस्था भारी नजर आई। तीर्थ नगरी सोरों में स्नानार्थियों ने हरिपदी गंगा में स्नान के बाद पंचकोसीय परिक्रमा लगाई। तमाम श्रद्धालुओं ने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए तीर्थ पुरोहितों से धार्मिक अनुष्ठान कराए। कस्बा के बटुकनाथ मंदिर, वराह भगवान मंदिर, सोमेश्वर महाराज मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर पर सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं के पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा। श्रद्धालुओं के वाहनों से लगा जाम

तीर्थ नगरी सोरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। निजी वाहनों से पहुंचे श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था नहीं थी। लिहाजा श्रद्धालुओं ने जहां तहां वाहन पार्क किए। श्रद्धालुओं के वाहनों और भीड़भाड़ के चलते लहरा रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस भी नहीं थी। आज भी होगा नहान

मतभ्रांति के चलते मार्गशीर्ष पूर्णिमा का स्नान बुधवार को भी होगा। वैसे तो अधिकांश लोगों ने मंगलवार को ही पूर्णिमा का स्नान किया है और घाटों पर भीड़भाड़ रही, लेकिन मतभ्रांति के चलते कुछ लोग बुधवार को भी मार्गशीर्ष पूर्णिमा का पर्व मनाएंगे और स्नान करेंगे।

chat bot
आपका साथी