दीपावली पर्व आज, घर-घर होगा लक्ष्मी गणेश का पूजन

गुरुवार को दीपावली पर्व मनाया जाएगा। पर्व को लेकर लोगों में उत्साह दिखा

By JagranEdited By: Publish:Thu, 04 Nov 2021 04:49 AM (IST) Updated:Thu, 04 Nov 2021 04:49 AM (IST)
दीपावली पर्व आज, घर-घर होगा लक्ष्मी गणेश का पूजन
दीपावली पर्व आज, घर-घर होगा लक्ष्मी गणेश का पूजन

संवाद सहयोगी, कासगंज : गुरुवार को दीपावली पर्व मनाया जाएगा। पर्व को लेकर लोगों में उत्साह दिखाई दिया। सुबह से ही बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ी। शाम होते ही गली, कूचे, बाजार और बस्तियों रोशनी से जगमगा उठी। छोटी दीपावली पर बच्चों ने पटाखे छुड़ाए। बुधवार को छोटी दीपावली मनाई गई। मुख्य पर्व को लेकर घरों में तैयारियां की गई। पूजा सामग्री, साज सज्जा सामग्री, देव मूर्तियां, खील बतासे, मिट्टी के दीपक, झालरें, पटाखे, मोमबत्ती आदि की जमकर खरीदारी हुई। दीपावली के कैलेंडर भी खरीदे गए। शाम को घरों में पूजा हुई। दीप जलाकर छोटी दीपावली मनाई गई। बाजार और बस्तियां रोशनी से जगमगा उठे। दीपावली के अगले दिन शुक्रवार को परवा होगी और बाजार बंद रहेंगे। इस दिन गोवर्धन पूजा भी होती है तो लोगों ने गोवर्धन पूजा के लिए तैयारियां की। बाजारों में भीड़भाड़ का आलम यह था कि शहर के प्रमुख बाजार नदरई गेट, सोरों गेट, सहावर गेट, बिलराम गेट सहित उपबाजार भी जाम से जूझते रहे।

------------------------

दीपावली पूजन का शुभ समय

पंडित राधेश्याम दीक्षित का कहना है कि कार्तिक मास की अमावस्या को दीपावली मनाई जाती है। इस दिन लक्ष्मी गणेश का पूजन किया जाता है। इस वर्ष पूजन का शुभ मुहुर्त शाम छह बजकर 10 मिनट से शुरू होकर आठ बजे तक रहेगा। पूजन इसके बाद भी किया जा सकता है।

------------------------

शुक्रवार को मनाया जाएगा गोवर्धन पर्व

शुक्रवार को गोवर्धन पर्व मनाया जाएगा। भगवान गोवर्धन की पूजा होगी। मंदिरों में गोबर से गोवर्धन भगवान की आकृति बनाई जाएगी। शहर के चामुंडा मंदिर एवं प्रभूपार्क में यह आयोजन होगा। इसके अलावा शहर के तमाम मंदिरों में गोवर्धन की पूजा अर्चना के बाद अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया जाएगा। घरों में भी महिलाएं स्याऊ पूजन करेगी। उसके बाद गोवर्धन पूजा की जाएगी।

----------------------------

गोवर्धन पूजा का शुभ समय

ज्योतिषाचार्य प्रदीप बल्लभ भट्ट का कहना है कि गोवर्धन पूजा दीपावली के अगले दिन होती है। गोवर्धन पूजा का समय शुक्रवार दो बजकर 44 मिनट से शुरू होकर रात्रि 11 बजकर 14 मिनट तक रहेगा।

chat bot
आपका साथी