दीपोत्सव आज : घर-घर होगी माता लक्ष्मी और गणेशजी की पूजा

दीपावली की पूर्व संध्या पर लोगों ने तैयारियां की। शहर और कस्बों में बस्तियां विद्युत और दीपक की रोशनी से जगमग हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 14 Nov 2020 05:45 AM (IST) Updated:Sat, 14 Nov 2020 05:45 AM (IST)
दीपोत्सव आज : घर-घर होगी माता लक्ष्मी और गणेशजी की पूजा
दीपोत्सव आज : घर-घर होगी माता लक्ष्मी और गणेशजी की पूजा

कासगंज, संवाद सहयोगी। पांच दिवसीय दीपोत्सव का मुख्य पर्व दीपावली आज मनाया जाएगा। इस पर्व को लेकर पूर्व संध्या से ही लोगों में उत्साह दिखाई दिया। घर-घर तैयारियां की गई। छोटी दीपावली पर भी बच्चों ने पटाखे छुड़ाए। बस्तियां विद्युत रोशनी से जगमगा उठीं।

दीपावली की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को छोटी दीपावली मनाई गई। बड़ी दीपावली शनिवार को मनाई जाएगी। दीपोत्सव को मनाने के लिए घर-घर तैयारियां की गई। घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर माता लक्ष्मी और प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश का पूजन होगा। इसके लिए लोगों ने मूर्तियों और पूजा सामग्री की खरीदारी की। पूर्व संध्या से ही घरों और इमारतों को विद्युत चलित एवं फूलों की लड़ियों से सजाया गया। शाम को बस्तियां दीपक और विद्युत की रोशनी से जगमगा उठीं। बाजारों में पूज के कलैंडर बिके। दीपावली के अगले दिन पर्वा रहेगी। बाजार बंद रहेंगे, लेकिन गोवर्धन पर्व मनाया जाएगा। गोवर्धन पूजा के लिए भी लोगों ने शुक्रवार को ही खरीदारी कर ली।

गोवर्धन पूजा का शुभ समय

गोवर्धन की पूजा दीपावली पर्व के अगले दिन की जाएगी। इस दिन गाय माता की पूजा होती है। वहीं गोबर से गोवर्धन भगवान का प्रतीक बनाकर उसकी पूजा और परिक्रमा की जाती है। गोवर्धन पूजा के लिए रविवार दोपहर 3:18 से शाम 5:27 मिनट तक शुभ समय है। विधि-विधान से सजाएं पूजा की थाली, हर घर आएगी खुशहाली

सोरों (कासगंज), संवाद सूत्र। मां लक्ष्मी के पावन पर्व के रूप में विख्यात दीपावली पर घर-घर पूजा-अर्चना होगी। ज्योतिषाचार्य की सलाह है कि इस दिन शाम को प्रदोष बेला में घर के मुख्य द्वार पर चमेली के तेल का दीपक जलाना चाहिए, जिससे धन, दौलत एवं समृद्धि बढ़ती है।

पंडित दिवाकर पाराशर बताते हैं कि इस दिन एक चहुंमुखी दीपक घर के मध्य स्थान ईसान भाग में अथवा पूजा कक्ष में रातभर जलाकर रखना चाहिए। शाम को महालक्ष्मी पूजन करना चाहिए। लक्ष्मी पूजन के विषय में ध्यान रखें कि अकेली लक्ष्मी की पूजा नहीं करें। भगवान विष्णु के साथ पूजा-अर्चना करें। विशेष ध्यान रखें कि मां लक्ष्मी का चित्र खड़ी अवस्था में नहीं हो।

पूजन का मुहूर्त

दीपावली पूजन का मुहूर्त दोपहर 2:25 मिनट से आंरभ होगा। दीपावली महालक्ष्मी पूजा में रात को 8:09 मिनट तक सर्वोत्तम खंड काल रहेगा।

पंडित कमल शुक्ला

chat bot
आपका साथी