दंपती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, दोनों बच्चे हुए अनाथ

कासगंज संवाद सहयोगी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नीवरी में किसान दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Jul 2021 05:58 AM (IST) Updated:Tue, 20 Jul 2021 05:58 AM (IST)
दंपती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, दोनों बच्चे हुए अनाथ
दंपती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, दोनों बच्चे हुए अनाथ

कासगंज, संवाद सहयोगी: कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नीवरी में किसान दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति का शव फंदे पर लटका मिला। वहीं, पत्नी का शव घर के कमरे में बेड पर पड़ा था। महिला के गर्दन पर चोट के निशान हैं। घटना का कारण गृहक्लेश बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पत्नी की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा।

ग्राम नीवरी निवासी सोवरन सिंह के दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र हरी सिंह और छोटा पुत्र मोहर सिह। गांव में ही दोनों अलग-अलग मकान में रहते हैं। पिता सोवरन सिंह पुत्र मोहर सिंह के साथ रहते हैं। रविवार की देर रात हरी सिंह पत्नी शीतल के साथ घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में सोने के लिए चला गया। उनका नौ वर्षीय पुत्र दिवाकर एवं सात वर्षीय राकेश नीचे के कमरे में सोए हुए थे। सोमवार की सुबह जब बड़ा पुत्र दिवाकर सोकर उठा और छत पर जाकर कमरा खोला तो वह चौंक गया। उसकी मां बेड पर पड़ी हुई थी। पिता के गले में फंदा पड़ा हुआ था और वह छत के कुंदे के सहारे झूल रहा था। बेटा रोता बिलखता अपने चाचा मोहर सिंह के पास पहुंचा और जानकारी बाबा, दादी और चाचा को दी। सभी मौके की ओर दौड़ पड़े। घर में कोहराम मच गया। गांव के लोग भी एकत्रित हो गए। जानकारी पुलिस को दी गई। इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ सदर आरके तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्वजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ की है। घटना का कारण पति पत्नी के बीच क्लेश बताया जा रहा है। पत्नी की मौत कैसे हुई इसको लेकर असमंजस है। तरह-तरह की चर्चा हैं। सीओ आरके तिवारी का कहना है कि युवक ने खुदकुशी की है, जबकि पत्नी की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। पत्नी से विवाद पर कई बार हुए फैसले

गांव में हो रही चर्चा के मुताबिक पति पत्नी के बीच कलह का मामला था। पति शराब पीने का शौकीन था। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता था। बताया जाता है कि दो दिन पूर्व दंपती के बीच झगड़ा हुआ था। डायल 112 पुलिस भी आई थी। दंपती को समझा बुझाकर चली गई थी। मासूमों के सिर से उठ गया मां बाप का साया

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नीवरी में किसान दंपती की मौत के बाद दो पुत्र नौ वर्षीय दिवाकर एवं छह वर्षीय राकेश रह गए हैं। उनकी मौत के बाद उनके सिर से मां-बाप का साया उठ गया। दोनों मासूम आंसू बहा रहे हैं। दादा-दादी, चाचा-चाची ही इनका पालन-पोषण करेंगे। मां-बाप की मौत के बाद दादी ने हीं दोनों को अपने कलेजे से लगाया। दंपती के बीच आपसी कलह रहती थी। दोनों के शव मिले हैं। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है।

- मनोज कुमार सोनकर, एसपी

chat bot
आपका साथी