दलितों और ब्राह्मणों के साथ प्रदेश में हुआ अत्याचार : सतीश चंद्र मिश्र

कासगंज संवाद सहयोगी बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि बीते साढ़े चार वर्षाें में दलितों एवं ब्राह्मणों पर अत्याचार हुआ है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 05:24 AM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 05:24 AM (IST)
दलितों और ब्राह्मणों के साथ प्रदेश में हुआ अत्याचार : सतीश चंद्र मिश्र
दलितों और ब्राह्मणों के साथ प्रदेश में हुआ अत्याचार : सतीश चंद्र मिश्र

कासगंज, संवाद सहयोगी: बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि बीते साढ़े चार वर्षाें में दलितों एवं ब्राह्मणों पर अत्याचार हुआ है। मुठभेड़ के नाम पर उनकी हत्याएं कराई गई हैं। यदि अब भाजपा के उत्पीड़न से उब चुके हो तो फिर एकजुट होकर उत्तर प्रदेश में कानून का राज लाने के लिए बसपा को सत्ता में लाएं। बहन मायावती को मुख्यमंत्री बनाएं।

पटियाली के एसबीआर इंटर कालेज के प्रांगण में सोमवार को बसपा की प्रबुद्ध संगोष्ठी में राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि कानून के द्वारा कानून का राज कायम करने के लिए उत्तर प्रदेश की सरकार में बसपा को लाना होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में दहशत का माहौल बना है। प्रदेश का ब्राह्मण डरा और सहमा हुआ है। उन्होंने प्रदेश भर में ब्राह्मणों के साथ हुए अत्याचार उत्पीड़न की घटनाओं का सिलसिले बार जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हर दो घंटे में एक बलात्कार की घटना हो रही है। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। वह डरी और सहमी हैं। उन्होंने कहा कि बसपा ने सर्वजन हिताय एवं सर्वजन सुखाय के साथ प्रदेश में शासन किया। भाजपा सरकार अपराधियों को बचाने का काम कर रही है। जबकि मायावती ने मुख्यमंत्री रहते अपने ही पार्टी के सांसद एवं दो मंत्रियों को जेल भेजने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनसंख्या में 16 फीसद ब्राह्मण है। यह वर्तमान राजनीति में शून्य पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कृषि विधेयक लाकर किसानों को भूमिहीन करना चाहती है। केंद्र की सरकार ने रेल, इंश्योरेंस कंपनी, बिजली, हवाई जहाज बेच दिए और अब किसान की भूमि भी उद्योगपतियों को देना चाहती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अत्याचार से मुक्ति के लिए दलित, ब्राह्मण और युवा एकजुट हो 2022 में बसपा को सत्ता के शिखर पर पहुंचाए। संगोष्ठी को पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने संबोधित करते हुए कहा कि समय आ गया है ब्राह्मण समाज के लोग एकजुट होकर भाजपा द्वारा समाज के किए अपमान का बदला लें और मायावती को मुख्यमंत्री बनाएं। स्वागत कर भेंट किए स्मृति चिह्न

बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा एवं पूर्व मंत्री नकुल दुबे के स्वागत के लिए लोगों में उत्साह देखा गया। अधिवक्ताओं, मुस्लिम समाज के लोगों, प्रधान संघ, शिक्षक संघ, बघेल समाज, ब्राह्मण समाज के लोगो ने पुष्पहार पहनाए। शाल ओढ़ाई और स्मृति चिन्ह भेंट किए। सोरों के ब्राह्मण समाज के लोगों ने सतीश चंद्र मिश्र को गंगाजलि भेंट की। पंचायत अध्यक्ष डा. शशि मिश्रा एवं कार्यक्रम के संयोजक उच्च शिक्षा आयोग के पूर्व सदस्य डा. नीरज किशोर मिश्रा ने पगड़ी पहनाकर एवं स्मृति चिह्न देकर सतीश चंद्र मिश्र एवं नकुल दुबे का अभिनंदन किया। चक्कर खाकर गिर पड़ी आरक्षी महिला

बसपा के प्रबुद्ध संगोष्ठी में सुरक्षा के लिए पुलिस की तैनाती की गई थी। श्रोताओं की दीर्घा के समीप महिला आरक्षी बीनू राजपूत की डयूटी अन्य महिला आरक्षियों के साथ लगी थी। सभा के मध्य में जब सतीश चंद्र मिश्रा भाषण दे रहे थे। तभी महिला आरक्षी चक्कर खाकर गिर पड़ी। डयूटी दे रही अन्य महिला आरक्षियों ने उसे उठाया। पानी पिलाकर अपने साथ ले गईं। बताया जाता है कि महिला आरक्षी का सावन के सोमवार का व्रत था। वह सुबह से ही भूखे ही डयूटी कर रही थी।

chat bot
आपका साथी