सचिव का रोका वेतन और प्रधान को नोटिस

दैनिक जागरण की खबर के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। प्रशासन ने किशोरी के स्वजनों को शौचालय उपलब्ध करा दिया गया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 29 Sep 2020 06:18 AM (IST) Updated:Tue, 29 Sep 2020 06:18 AM (IST)
सचिव का रोका वेतन और प्रधान को नोटिस
सचिव का रोका वेतन और प्रधान को नोटिस

कासगंज, संवाद सहयोगी। ढोलना के गांव नगला मोती में हत्या की शिकार किशोरी के घर में शौचालय न होने की खबर को 'दैनिक जागरण' ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। खबर लगते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके बाद मृतका के स्वजनों को शौचालय दे दिया गया है। वहीं, प्रधान को नोटिस और सचिव का वेतन रोक दिया गया है।

नगला मोती में शुक्रवार की शाम को शौच के लिए गई किशोरी रवीना का शव बाजरे के खेत में मिला था। उसकी दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की गई थी। मृतका के घर में शौचालय नहीं था, इसलिए सभी स्वजन शौच के लिए खेतों में ही जाते थे। 'दैनिक जागरण' ने शासन-प्रशासन की लापरवाही को लेकर सोमवार के अंक में घर में शौचालय होता तो बच जाती बिटिया की जान शीर्षक के अंतर्गत खबर को प्रकाशित किया। सुबह खबर पढ़ते ही आला अधिकारियों के कान खड़े हो गए। डीएम सीपी सिंह के निर्देश पर डीपीआरओ शहनाज अंसारी ने सचिव पंकज और प्रधान प्रथम सिंह के विरुद्ध कार्रवाई की है। स्वजनो को शौचालय भी उपलब्ध करा दिया गया है।

ग्राम प्रधान प्रथम सिंह का कहना है कि सुबह किशोरी के घर गांव के लोगों के साथ गए थे। मां कपूरी देवी से शौचालय बनवाने को कहा, लेकिन उन्होंने अभी यह कहकर मनाकर दिया कि अभी घर में दुख का माहौल है। बाद में बनवा लेंगे। वहीं, डीपीआरओ शहनाज अंसारी का कहना है कि सचिव का वेतन रोका गया है। प्रधान को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। जिले के सभी प्रधानों को चेतावनी दी गई है कि यदि ओडीएफ गांवों में इस तरह की शिकायत मिली तो बिना किसी नोटिस के प्रधान के विरुद्ध कार्रवाई जाएगी।

chat bot
आपका साथी