48 घंटे में 2470 दिल्ली से लौटे प्रवासी

निजी वाहनों और प्राइवेट बसों से भी परदेसी लौट रहे हैं। प्रवासियों के लौटने का सिलसिला जारी है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 05:05 AM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 05:05 AM (IST)
48 घंटे में 2470 दिल्ली से लौटे प्रवासी
48 घंटे में 2470 दिल्ली से लौटे प्रवासी

संवाद सहयोगी, कासगंज : दिल्ली और राजस्थान का लाकडाउन पंचायत चुनाव के प्रत्याशियों के लिए संजीवनी बन गया है। अब बिना बुलाए ही हजारों प्रवासी घर लौट रहे हैं। बीते 48 घंटे में दिल्ली से 2,470 लोग निगम की बसों से घर लौटे हैं। जबकि निजी वाहनों और प्राइवेट बसों से भी कुछ लोग वापस लौट रहे हैं।

पंचायत चुनाव के प्रत्याशी परदेस में रह रहे अपने मतदाताओं को मतदान के दिन गांव बुलाने के लिए तमाम तरह के प्रयास कर रहे हैं। अब, जबकि दिल्ली और राजस्थान में लाकडाउन लग गया है तो उनकी यह समस्या भी आसान हो गई है। प्रवासी स्वयं घर लौटने लगे हैं। उनके लौटने का मकसद भले लाकडाउन हो, लेकिन यह भी कहा जा सकता है कि लोग इस बहाने मतदान में भी हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं। बीते 48 घंटे में दिल्ली से कासगंज 2470 परदेसी निगम की बसों से वापस आए हैं। जबकि निजी वाहनों एवं प्राइवेट बसों से पहुंचने वालों की संख्या कहीं इससे अधिक है। रोडवेज बस स्टैंड पर परदेसियों की कोरोना जांच भी हो रही है। 33 फीसद लोग पाजिटिव पाए जा रहे हैं। 30 की कराई जांच 10 मिले पाजिटिव

बुधवार को रोडवेज बस स्टैंड पर एसडीएम ललित कुमार की देखरेख में 30 यात्रियों की एंटीजन किट से कोरोना जांच कराई गई। इन यात्रियों में से 10 यात्री कोरोना पाजिटिव पाए गए। हजारों प्रवासी बिना टेस्टिग के घरों तक पहुंच रहे हैं। अगर यही औसत माना जाए तो बड़ी संख्या में पाजिटिव गांव में पहुंचे होंगे।

एसडीएम सदर ललित कुमार का कहना है कि 30 प्रवासियों का रोडवेज बस स्टैंड पर एंटीजन किट से टेस्ट कराया गया था। इसमें 10 लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। प्रवासियों का पाजिटिव मिलने का आंकड़ा 33 फीसद है।

chat bot
आपका साथी