चार दिन में अचानक चढ़ा गर्मी का पारा

चार दिन में अचानक चढ़ा गर्मी का पारा

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 May 2020 04:25 PM (IST) Updated:Mon, 25 May 2020 04:25 PM (IST)
चार दिन में अचानक चढ़ा गर्मी का पारा
चार दिन में अचानक चढ़ा गर्मी का पारा

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात: एक तरफ कोरोना को लेकर लोग घरों में हैं और दहशत में भी दिख रहे हैं। इस पर अचानक मौसम परिवर्तन से गर्मी ने उनकी समस्या और बढ़ा दी है। पिछले चार दिनों के अंदर पांच से छह डिग्री तापमान बढ़ गया है। सुबह आठ बजे से ही चटक धूप और गर्म हवाओं का चलना शुरू हो जाता है।

भीषण गर्मी और उमस ने पिछले कुछ दिनों से जनजीवन को हिला कर रख दिया है। एक तरफ लॉकडाउन के कारण वैसे ही सड़कों पर सन्नाटा रहता है ऊपर से तपते मौसम ने और असर दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार को अधिकतम तापमान फिर 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। गर्मी से आम लोग ही नहीं पशु पक्षी भी व्याकुल दिखे। वहीं पानी की तलाश में पशु-पक्षी इधर से उधर भटकते दिखे। दिन में तपन तो रात में उमस लोगों को परेशान कर रही है।

मौसम की उठापटक

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रद्योगिकी विवि कानपुर की ओर से जारी सूचना के अनुसार इस सप्ताह मध्य उत्तर प्रदेश के ब्लॉक एवं जिला स्तर पर आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने, तेज हवा चलने के आसार हैं, लेकिन वर्षा की कोई संभावना नहीं है। सोमवार को अधिकतम तापमान 45.0 व न्यूनतम तापमान 29.8 रहा। पिछले कुछ दिनों के तापमान पर नजर डालें तो कृषि मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 23 मई को अधिकतम तापमान 41.4 था, न्यूनतम 28.2 था। 22 मई को अधिकतम तापमान 43.8, न्यूनतम तापमान 23.4 था। 21 मई को अधिकतम तापमान 41.4 था, न्यूनतम 21.0 था। 20 मई को अधिकतम तापमान 40.0 था, न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

chat bot
आपका साथी