जलभराव से स्कूल में घुसना हुआ मुश्किल

संवाद सूत्र रूरा बारिश से रूरा क्षेत्र के करीब छह से अधिक गांव के ग्रामीण जलभराव से पर

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 06:10 PM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 06:10 PM (IST)
जलभराव से स्कूल में घुसना हुआ मुश्किल
जलभराव से स्कूल में घुसना हुआ मुश्किल

संवाद सूत्र, रूरा : बारिश से रूरा क्षेत्र के करीब छह से अधिक गांव के ग्रामीण जलभराव से परेशान हो गए। घरों के अंदर तक पानी घुस गया। कई के अनाज भीग गए तो मवेशियों को पानी के बीच बांधना मजबूरी हो गया। वहीं रोशनमऊ व जरैलापुरवा में स्कूल के अंदर व बाहर ऐसा पानी भरा कि जाना तक मुश्किल हो गया।

अकबरपुर ब्लाक के हसनापुर गांव में जल निकासी न हो पाने से भीषण जलभराव हो गया। पशुपालकों को अपने मवेशी पानी में बांधे रखना मजबूरी हो गया और चारा पानी तक में समस्या हुई। प्रधान राम सिंह यादव ने बताया कि बरसात से पानी निकासी के लिए कच्चा नाला खोदाई शुरू कराई थी लेकिन कुछ लोगों ने बेवजह अवरोध डाल दिया ऐसे में काम रोकना पड़ा। अधिकारियों के संज्ञान में जल्द नाला खोदाई कराई जाएगी। जरैलापुरवा गांव का उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर पानी से लबालब हो गया। प्रधानाध्यापक श्रद्धा शुक्ला ने बताया कि ग्राम पंचायत से आधी अधूरी बाउंड्रीवाल बनाई गई है जिसमे पानी भर जाता है। यही हाल रोशनमऊ गांव के विद्यालय का रहा और लोग अंदर न जा सके। झींझक ब्लाक के बनीपारा के मजरा अडरेपुरवा में भी भीषण जलभराव हो गया। प्रधान रोहित सिंह ने बताया कि गांव के कई लोग जबरन नाले को बंद किये हैं इसके चलते समस्या है। मैथा एसडीएम राम शिरोमणि ने बताया कि समस्या निदान के निर्देश दिए गए हैं।

मूसानगर में नाला निर्माण के बाद भी जलभराव

संवाद सूत्र, मूसानगर : मूसानगर में गजनेर तिराहे पर जलभराव की समस्या के निराकरण के लिए नगर पंचायत ने नाला बनवाया था, लेकिन सफाई व निर्माण सही से न होने के कारण बुधवार को यहां जलभराव हो गया। करीब पौने तीन लाख में इसका निर्माण जून माह में ही कराया गया, लेकिन यह बेमतलब साबित हो रहा है। बुधवार को गजनेर तिराहे से गुजरने वाले लोग जलभराव के चलते परेशानी से जूझते रहे और कई लोग गिरे और कपड़े भी गंदे हो गए। कमलेश कुमार, अजब सिंह व लाल सिंह का आरोप है कि नगर पंचायत ने सही से नाला बनवाया होता तो जल निकासी होती और जलभराव से सभी परेशान होते हैं।

chat bot
आपका साथी