वाहन सवारों के लिए खतरा सूखे व अधजले पेड़

संवाद सहयोगी रसूलाबाद रसूलाबाद-कानपुर मार्ग पर सड़क तो सफर के लिए बेहतर है लेकिन स

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 06:51 PM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 06:51 PM (IST)
वाहन सवारों के लिए खतरा सूखे व अधजले पेड़
वाहन सवारों के लिए खतरा सूखे व अधजले पेड़

संवाद सहयोगी, रसूलाबाद : रसूलाबाद-कानपुर मार्ग पर सड़क तो सफर के लिए बेहतर है, लेकिन सड़क किनारे सूखे व अधजले पेड़ लोगों के जान के दुश्मन बन गए हैं। सूखा पेड़ गिरकर एक सीआरपीएफ जवान की जान ले चुका है साथ ही कई लोग घायल हो चुके हैं। यहां पर बड़ी बड़ी घास व झाड़ियों में लोगों ने अलग अलग जगह आग लगाई थी, इससे कई पेड़ अधजले रह गए हैं। यह पेड़ काटकर हटा दिए जाएं तो खतरा टल सकता है।

रसूलाबाद-कानपुर मार्ग पर पहाड़ीपुर के निकट कई अधजले पेड़ खड़े हैं। वहीं कई सूखे पेड़ भी यहां सड़क किनारे यमदूत बनकर खड़े रहते हैं। करीब चार माह पहले कहिजरी-बनीपारा मार्ग पर बाइक से पेट्रोल डलवा कर घर जा रहे 40 वर्षीय सीआरपीएफ जवान के ऊपर सूखा आम का पेड़ गिर पड़ा था, जिससे उसकी जान चली गई थी। इसके अलावा अब तक कई लोग इनके गिरने से घायल हो चुके हैं। दुर्घटना के अलावा आवागमन में भी यह गिरकर बाधक बनते हैं। इसी मार्ग पर पहाड़ीपुर व अंगदपुर के मध्य में भी कई सूखे पेड़ हैं। लोगों ने कई बार इन्हें कटवाए जाने की मांग की पर पीडब्ल्यूडी व वन विभाग ध्यान नहीं दे रहा है।

व्यापार मंडल रसूलाबाद अध्यक्ष कमल दुबे ने ऐसे पेड़ों को कटवाए जाने की मांग अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग से की है। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रकाश चंद ने बताया कि ऐसे पेड़ों को काटने का अधिकार केवल वन विभाग को है। वहीं वन रेंजर अरविद शुक्ला ने बताया कि सर्वे कराकर शीघ्र ही ऐसे पेड़ों को कटवा देंगे। कुछ पेड़ उच्च क्षमता के बिजली लाइन के आसपास हैं। बिजली विभाग से सहयोग लेकर इन्हें कटवाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी