पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बदला मौसम का रुख

जागरण संवाददाता कानपुर देहात जम्मू-कश्मीर के साथ ही अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में उठे चक्रवात

By JagranEdited By: Publish:Tue, 01 Jun 2021 06:20 PM (IST) Updated:Tue, 01 Jun 2021 06:20 PM (IST)
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बदला मौसम का रुख
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बदला मौसम का रुख

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : जम्मू-कश्मीर के साथ ही अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में उठे चक्रवात के प्रभाव से मंगलवार को मौसम का रुख बदल गया। इससे मंगलवार तड़के आंधी चलने के साथ ही आसमान में बदली छाई रही, जिससे तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो गई। लोगों को गर्मी व तपन से राहत मिली। हालांकि दोपहर बाद फिर से धूप निकलने से तापमान में मामूली बढ़ोतरी जरूर हुई।

पिछले एक सप्ताह से कड़ी धूप निकलने के कारण लोगों को गर्मी व तपन का सामना करना पड़ रहा था। तापमान में हो रही बढ़ोत्तरी के कारण रात में भी लोगों को चैन नहीं मिल रहा था। इससे तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था। वहीं आवागमन करने वाले लोगों को और भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। मंगलवार तड़के अचानक से आंधी चलने के कारण मौसम परिवर्तित हो गया। आसमान में बदली छाई रहने के साथ ही तेज हवा चलते रहने के कारण तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई, जिससे अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी गिरावट हुई और यह 26.8 पर आ गया। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि जम्मू कश्मीर के साथ ही अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में चक्रवात के प्रभाव से मौसम में परिवर्तन हुआ है। चक्रवात का प्रभाव आगामी तीन दिन रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इसके साथ ही मानसून की दस्तक भी हो गई है, उसके प्रभाव से भी मौसम में परिवर्तन हो रहा है।

chat bot
आपका साथी