घर से भागे मौसेरे भाइयों को हवाई जहाज से लेकर आई पुलिस

संवाद सूत्र शिवली (कानपुर देहात) घर से नाराज होकर चुपचाप दो मौसेरे भाई निकल गए। मौज-म

By JagranEdited By: Publish:Tue, 31 Aug 2021 06:23 PM (IST) Updated:Tue, 31 Aug 2021 06:23 PM (IST)
घर से भागे मौसेरे भाइयों को हवाई जहाज से लेकर आई पुलिस
घर से भागे मौसेरे भाइयों को हवाई जहाज से लेकर आई पुलिस

संवाद सूत्र, शिवली (कानपुर देहात) : घर से नाराज होकर चुपचाप दो मौसेरे भाई निकल गए। मौज-मस्ती के इरादे से महाराष्ट्र पहुंच गए। शिवली पुलिस ने सर्विलांस की मदद से दोनों को बरामद किया और हवाई जहाज से यहां लेकर आई। दोनों को समझाने के बाद स्वजन के हवाले कर दिया गया।

राजस्थान के मुनमार्ग हाउसिग बोर्ड अलवर निवासी कंचन गुप्ता अपने पति अमित खंडेलवाल के साथ अपने 16 वर्षीय पुत्र आदित्य को लेकर पिता प्रेम शंकर गुप्ता के यहां रक्षाबंधन पर मारग मैथा गांव आई थीं। यहां किसी बात पर आदित्य को कंचन ने डांट दिया था। इसके बाद 22 अगस्त को वह अपने मौसेरे भाई खागा फतेहपुर निवासी अनिकेत गुप्ता के साथ चुपचाप घर से भाग निकला था। दोनों के परिवार ने काफी तलाश किया पर सफलता न मिलने पर दोनों के संबंधित थानों में गुमशुदगी दर्ज कराई। थाना प्रभारी शिवली आमोद कुमार सिंह ने तलाश शुरू कराई तो सर्विलांस के जरिए महाराष्ट्र में दोनों की लोकेशन मिली। मैथा चौकी प्रभारी संजीव कुमार व सिपाही अब्दुल कासिम दोनों को बरामद करने के लिए हवाई जहाज से महाराष्ट्र पहुंचे। पुलिस जल्द पहुंचना चाह रही थी, जिससे दोनों कहीं और न निकल जाएं। इसके बाद वहां दीवा चौराहा थाना मुब्रा जिला थाणे से दोनों किशोरों को बरामद कर हवाई जहाज से शिवली कोतवाली ले आई है। यहां अपने बच्चों को सही सलामत पाकर दोनों परिवार बेहद खुश हुए। दोनों किशोरों ने बताया कि घर से नाराज होकर चले गए थे। अनिकेत के पिता राकेश गुप्ता ने पुलिस को धन्यवाद दिया। कोतवाल आमोद कुमार सिंह ने बताया कि दोनों किशोर को समझाकर परिवार के हवाले किया गया।

कई शहरों में घूमते रहे

दोनों किशोर अपने साथ रुपये भी लेकर आए थे। इसके जरिए पहले दिल्ली, पानीपत के बाद महाराष्ट्र के कई शहर में घूमते रहे। कभी स्टेशन पर रुके तो कभी किसी धर्मशाला में।

chat bot
आपका साथी