अरब सागर से आ रही दक्षिण पश्चिमी नम हवा ने बढ़ाई उमस

जागरण संवाददाता कानपुर देहात अरब सागर से आ रही दक्षिणी पश्चिमी आ‌र्द्ध हवा ने मौसम में उम

By JagranEdited By: Publish:Sun, 06 Jun 2021 04:34 PM (IST) Updated:Sun, 06 Jun 2021 04:34 PM (IST)
अरब सागर से आ रही दक्षिण पश्चिमी नम हवा ने बढ़ाई उमस
अरब सागर से आ रही दक्षिण पश्चिमी नम हवा ने बढ़ाई उमस

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : अरब सागर से आ रही दक्षिणी पश्चिमी आ‌र्द्ध हवा ने मौसम में उमस बढ़ा दी है, जिससे तापमान में भी लगातार परिवर्तन जारी है। इसके साथ ही नम हवा के प्रभाव से लोगों को घरों में भी चैन नहीं मिल रहा है। तापमान में हो रहे उतार चढ़ाव को देखते हुए मौसम विभाग ने स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

पिछले एक सप्ताह से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। आसमान में बदली होने के बाद भी लोगों को राहत नहीं है। वहीं सुबह से ही चिलचिलाती धूप के प्रभाव से न केवल आवागमन करने वाले बल्कि घरों में रहने वाले लोग भी बेहाल हैं।रविवार को अधिकतम तापमान 40.2 व न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अरब सागर में पिछले सप्ताह आए चक्रवात के प्रभाव से मौसम में यह परिवर्तन हुआ है, जिससे दक्षिण पश्चिमी नम हवा ने मौसम में आ‌र्द्धता बढ़ा दी। उमस होने के कारण 39-40 डिग्री सेल्सियस तापमान में 44 डिग्री सेल्सियस गर्मी का अहसास लोगों को हो रहा है।नम हवा के कारण निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से स्थानीय स्तर पर बारिश की संभावना भी बन रही हैं। इससे लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिलेगी, लेकिन फिर से तापमान में बढ़ोतरी होने से लोगों को गर्मी उमस से जूझना पड़ेगा।

------------

चक्रवात के प्रभाव से 15 से प्री मानसून की दस्तक

मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अरब सागर में पिछले सप्ताह उठे चक्रवात के प्रभाव से कानपुर, औरैया, इटावा, कन्नौज ही नहीं बल्कि आसपास के जनपदों में 15 जून तक प्री मानसून की दस्तक होगी। इससे विभिन्न स्थानों पर हल्की व मध्यम बारिश होगी, जबकि माह के अंतिम सप्ताह में पूरी तरह से मानसून आ जाएगा।

chat bot
आपका साथी