शोभन सरकार की प्रतिमा का हुआ अनावरण, भक्तों ने किया दर्शन

संवाद सूत्र शिवली पांच दिवसीय महायज्ञ के बाद गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शोभन आश्रम में भक्तों क

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 07:33 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 07:33 PM (IST)
शोभन सरकार की प्रतिमा का हुआ अनावरण, भक्तों ने किया दर्शन
शोभन सरकार की प्रतिमा का हुआ अनावरण, भक्तों ने किया दर्शन

संवाद सूत्र, शिवली : पांच दिवसीय महायज्ञ के बाद गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शोभन आश्रम में भक्तों की भीड़ जुटी। आश्रम के सर्वराकार हरिशरणम पांडेय ने ब्रह्मलीन महंत 1008 परमहंस स्वामी विरक्तानंद महाराज (शोभन सरकार) की प्रतिमा का अनावरण कर उसे भक्तों के दर्शन के लिए समर्पित किया। इस दौरान गुरुदेव भगवान की जयघोष से आश्रम गूंज उठा।

शुक्लनपुरवा गांव में पंडित कैलाश नाथ शुक्ला के घर में पुत्र रूप में जन्मे 1008 परमहंस स्वामी विरक्तानंद महाराज का 11 वर्ष की आयु में उपनयन संस्कार करवाया गया था। आचार्य के मां से भिक्षा लेने के लिए भेजे जाने पर उन्हें वैराग्य हो गया था और वह घर के बाहर जंगल में चले गए थे। जहां वह बाघपुर के पास पांडु नदी किनारे तपस्या करने में लीन हो गए थे। वहीं उनकी भेंट तपस्या कर रहे योगेश्वर महाराज से हुई थी और दोनों ही लोग शोभन आश्रम के महंत स्वामी रघुनंदन दास जी महाराज को अपना गुरु मानकर तपस्या करने लगे थे। कभी-कभी स्वामी विरक्तानंद महाराज अपने गुरु भाई स्वामी योगेश्वर महाराज के साथ रात्रि के समय शोभन आश्रम में दर्शन करने जाया करते थे। वर्ष 1962 में शोभन आश्रम के महंत गुरुदेव भगवान स्वामी रघुनंदन दास जी महाराज के ब्रह्मलीन होने के पश्चात शोभन गांव के बुजुर्गों की विनती पर वर्ष 1974 में 1008 परमहंस स्वामी विरक्तानंद जी महाराज ने शोभन आश्रम पहुंचकर वहां की बागडोर संभाल ली थी। शोभन आश्रम समूचे उत्तर भारत में तीर्थ स्थल के रूप में विख्यात हो चुका है। आश्रम के ब्रह्मलीन महंत 1008 परमहंस स्वामी विरक्तानंद जी महाराज द्वारा शोभन आश्रम के अलावा सुनौढ़ा चौबेपुर में गंगा नदी किनारे हनुमान मंदिर व आश्रम, बक्सर उन्नाव में चंद्रिका माता मंदिर व आश्रम, फतेहपुर के सेन गांव में हनुमान मंदिर व आश्रम, मध्य प्रदेश उज्जैन में हनुमान मंदिर व आश्रम की स्थापना करवाई जा चुकी है जो इस समय क्षेत्रीय लोगों की आस्था का केंद्र बन चुके हैं। शनिवार को यहां पर विद्वान आचार्य उमेश शुक्ला, आचार्य शिव श्याम पांडेय, अनिल शुक्ला, शिव गोपाल, वीरेंद्र जगत, बच्चन, रविद्र, अनंत प्रकाश व आचार्य उमाशंकर ने शोभन आश्रम के सिया बाग में वेद मंत्रोच्चार के साथ पांच दिवसीय महायज्ञ को पूर्ण किया।

सर्वराकार हरिशरणम पांडेय ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शोभन सरकार की प्रतिमा का अनावरण कर उसे भक्तों के दर्शन के लिए समर्पित कर दिया। यहां जिले के अलावा, कानपुर, उन्नाव, फतेहपुर व आसपास के जिलों के लोग आए थे। भक्तों ने आश्रम में चल रहे भंडारे में प्रसादी ग्रहण कर आश्रम में माथा टेका। इस मौके पर एसडीएम मैथा रामशिरोमणि, सीओ परशुराम सिंह, कोतवाल आमोद कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।

chat bot
आपका साथी