स्वजन से अभद्रता पर दुल्हन ने शादी से किया इन्कार

संवाद सूत्र शिवली खलकपुर गांव में शनिवार रात आई बरात में अगवानी के बाद चढ़ावा लेकर वध

By JagranEdited By: Publish:Sun, 11 Jul 2021 07:06 PM (IST) Updated:Sun, 11 Jul 2021 07:44 PM (IST)
स्वजन से अभद्रता पर दुल्हन ने शादी से किया इन्कार
स्वजन से अभद्रता पर दुल्हन ने शादी से किया इन्कार

संवाद सूत्र, शिवली : खलकपुर गांव में शनिवार रात आई बरात में अगवानी के बाद चढ़ावा लेकर वधू के घर पहुंचे दूल्हे के स्वजन ने वधू पक्ष के परिवारीजन से अभद्रता कर दी। इससे नाराज दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। शनिवार देररात एक बजे से लेकर रविवार शाम तक दोनों पक्षों के बीच चली पंचायत भी बेनतीजा निकली और बरात को बिना दुल्हन के बैरंग वापस जाना पड़ा।

रूरा थाना क्षेत्र के कपूरपुर गांव निवासी छोटेलाल के पुत्र कुलदीप की शादी शिवली कोतवाली क्षेत्र के खलकपुर गांव निवासी स्वर्गीय रामसेवक की पुत्री प्रीति से तय हुई थी। शनिवार की रात कपूरपुर से बरात धूमधाम के साथ खलकपुर गांव पहुंची थी जहां रात करीब 11 बजे अगवानी व द्वारचार की रस्म अदा होने पर वधू पक्ष के लोगों ने बरातियों का स्वागत किया। खाना खाने के बाद अधिकांश बाराती वापस लौट गए थे। वर पक्ष के स्वजन व खास लोग रुक गए। देर रात करीब एक बजे वर पक्ष के स्वजन चढ़ावा लेकर वधू के घर के अंदर गए। आरोप है कि उन लोगों ने वधू के भाई राहुल, दीपू व अन्य स्वजन से अभद्रता कर दी। उनके नशे में होने का भी आरोप लगाया गया। इससे नाराज होकर वधू प्रीति ने शादी करने से इन्कार कर दिया। इससे वर पक्ष के लोगों में खलबली मच गई। रात करीब एक बजे से लेकर रविवार पूरे दिन चली दोनों पक्षों के बीच पंचायत में औनहां चौकी प्रभारी शशिकांत यादव ने भी काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन किसी भी कीमत पर दुल्हन शादी को राजी न हुई। आखिरी में बरात को वापस ले जाना पड़ा।

chat bot
आपका साथी