योगाभ्यास कर स्वस्थ मन व तन का दिया संदेश

जागरण संवाददाता कानपुर देहात अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सोमवार को जिले के विभिन्

By JagranEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 08:37 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 08:37 PM (IST)
योगाभ्यास कर स्वस्थ मन व तन का दिया संदेश
योगाभ्यास कर स्वस्थ मन व तन का दिया संदेश

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सोमवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास कर लोगों ने स्वस्थ तन व मन का संदेश दिया। केंद्रीय विद्यालय में शिक्षक व बच्चों ने वर्चुअल माध्यम से योगाभ्यास किया। इसके साथ ही लोगों ने घर व अपने प्रतिष्ठान योग कर लोगों को इसके महत्व के बारे में बताया। केंद्रीय विद्यालय माती में प्राचार्य अरविद कुमार राय और विशिष्ट अतिथि केंद्रीय विद्यालय माती द्वितीय पाली के उप प्राचार्य रोहित चौधरी के नेतृत्व में विद्यालय स्टाफ ने योगाभ्यास किया। वहीं वर्चुअल माध्यम से स्कूल के छात्र छात्राओं ने भी योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

उन्होंने बताया कि योग से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास भी होता है। कोरोना काल में योग की महत्ता को लोगों ने समझा भी है। इसी प्रकार राजकीय महाविद्यालय अकबरपुर 'बी विद योग-बी एट होम' अर्थात कोरोना काल में 'योग के साथ रहें, घर पर रहें' थीम पर वेबिनार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के 88 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। वेबिनार की मुख्य वक्ता प्रख्यात योग गुरु तृप्ति यादव ने योग से तन और मन को स्वस्थ रखने के लिए योग की विभिन्न क्रियाओं का प्रदर्शन करके योग को 'संजीवनी' की संज्ञा दी। प्राचार्य डा. भुवनेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में डा. संजू, डा. अर्चना, डा. नीलम, मीनू, डा. निधि धवन सहित अन्य लोगों ने योगाभ्यास किया। वहीं अकबरपुर के नयागंज मोहल्ले में पतंजलि योग पीठ की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पतंजलि योग पीठ की जिला मंत्री संध्या पांडेय ने लोगों को त्रिकोणासन, वज्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, पवनमुक्तासन, कपालभाति, प्राणायाम, भ्रामरी सहित अन्य आसन कराकर योग की महत्ता को बताया। समाजसेवी कंचन मिश्रा ने भी मौजूद लोगों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। वहीं पुखरायां के आनंदेश्वर बाबा धाम मंदिर परिसर में योगाचार्य सत्यम मिश्रा ने लोगों को योगाभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में लोगों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए नियमित योग करना चाहिए। योगाभ्यास में विधायक विनोद कटियार, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम सिंह सिसौदिया, रेल सलाहकार समिति के सदस्य योगेंद्र द्विवेदी, उद्योग व्यापार मंडल के मंडलीय मंत्री अनुभव अग्रवाल, मदन लाल मिश्रा, राजकिशोर अग्रवाल, शैलेन्द्र द्विवेदी, राजेश अग्निहोत्री मौजूद रहे। वहीं रूरा के पाथामाईं मंदिर परिसर में गायत्री परिवार की ओर से योग किया गया। जिनई बनीपारा निवासी जसवीर सिंह ने अपने परिवार के साथ योग किया। सिठमरा मंडल अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के संयोग किया। वहीं तिगाई गांव में शैलेश दीक्षित व रूरा में पर्यावरण मित्र नवीन कुमार दीक्षित ने प्राणायाम, भुजंगासन, शीर्षासन कर योग के महत्व के बारे में बताया।

chat bot
आपका साथी