रसूलाबाद में आंधी व बारिश संग गिरे ओले

जागरण संवाददाता कानपुर देहात जम्मू कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्र में उठे पश्चिमी विक्षोभ के का

By JagranEdited By: Publish:Sat, 17 Apr 2021 06:59 PM (IST) Updated:Sat, 17 Apr 2021 06:59 PM (IST)
रसूलाबाद में आंधी व बारिश संग गिरे ओले
रसूलाबाद में आंधी व बारिश संग गिरे ओले

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : जम्मू कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्र में उठे पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार देर रात मौसम बिगड़ गया। शुक्रवार देररात आंधी आई तो शनिवार शाम को कई जगह बारिश व ओलावृष्टि हुई। रसूलाबाद क्षेत्र में तेज बारिश के साथ ओले गिरे वहीं बाकी जगह बूंदाबांदी हुई। तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि आगामी 24 घंटे में फिर से मौसम में परिवर्तन की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।

शुक्रवार देररात को अचानक मौसम बिगड़ गया और धूल भरी आंधी चली। इसके बाद शनिवार सुबह मौसम साफ रहा और शाम होते होते बदली छा गई। जिले के रूरा, झींझक, शिवली, रनियां, अकबरपुर सहित अन्य स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। वहीं रसूलाबाद व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में झमाझम बारिश के साथ ही ओलावृष्टि भी हुई, जिससे खेतों में पानी भर गया। यहां के नौहा नौगांव के अतिरिक्त आसपास के मैजू, समस्तपुर, गदाईपुर, कुरंगना, न्योराज, सिकंदरपुर, लदपुरवा, गदनपुर बरिगौं आदि गांवों में भी तेज बारिश होने से जगह-जगह पानी भर गया है और गेहूं कटाई का काम स्थगित हो गया है। क्षेत्रों में लोगों को जलभराव की समस्या से भी जूझना पड़ा। इससे तापमान में गिरावट हुई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था वहीं बारिश के बाद मौसम में परिवर्तित हुआ और यह 37.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 24.6 पर आ गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में उठे पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में परिवर्तन हुआ है। उन्होंने बताया कि तापमान में गिरावट का असर रविवार तक रहेगा। इसके बाद फिर से मौसम गर्म होगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी, जिससे फिर यह 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना बन रही है।

chat bot
आपका साथी