दीपोत्सव के लिए सज रहा देवयानी सरोवर

संवाद सूत्र मूसानगर करवाचौथ पर दीपोत्सव के लिए मूसानगर स्थित ऐतिहासिक देवयानी सरोवर की स

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 06:23 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 06:23 PM (IST)
दीपोत्सव के लिए सज रहा देवयानी सरोवर
दीपोत्सव के लिए सज रहा देवयानी सरोवर

संवाद सूत्र, मूसानगर : करवाचौथ पर दीपोत्सव के लिए मूसानगर स्थित ऐतिहासिक देवयानी सरोवर की साफ-सफाई के साथ रंगाई पुताई की जा रही है। वार्षिक कार्यक्रम कस्बा सहित क्षेत्र के लिए विशेष महत्व रखता है। रात के मनोरम दृश्य को देखने के लिए दूसरे जनपदों से भी लोग आते हैं।

रविवार की रात अनगिनत दीपों के प्रज्वलित होते ही करवा चौथ का पर्व मनाया जाएगा, जिसको लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मूसानगर कस्बे के मध्य स्थित ऐतिहासिक देवयानी सरोवर जो चतुर्भुज आकार में पक्का बना हुआ है यहां पर कई कार्यक्रम आयोजित होते हैं लेकिन उनमें सबसे अधिक करवा चौथ का दीपोत्सव विख्यात है। कोरोना काल के चलते कोई कार्यक्रम नहीं हो सके थे। इस बार उत्सव के लिए सरोवर की रंगाई पुताई तेजी के साथ शुरू है। वहीं बगल में स्थित मंदिरों में सजावट का कार्य चल रहा है। देवयानी सरोवर के दाहिने ओर मैदान में रामलीला के मंचन के लिए भव्य मंच तैयार किया जा रहा। पति की दीर्घायु के लिए व्रत रख चंद्रमा के दर्शन कर महिलाएं देवयानी सरोवर में परिक्रमा करने के लिए आतीं हैं। यहां पर काफी संख्या में पति-पत्नी मिलकर परिक्रमा लगाते हैं। दीपदान कमेटी ने इस बार असंख्य दीप प्रज्वलित करने का कार्यक्रम तय किया है। मेले में दुकानें लगाने के लिए दुकानदारों ने अपनी-अपनी जगह कलई डालकर चिह्नित करना शुरू कर दिया है। वहीं दुकानदारों का कहना है कि अगर मेला लगा तो दुकानें लगा लेंगे रोक रहेगी तो कोई बात नहीं। देवयानी सरोवर का मनोरम दृश्य तो देखने को मिलेगा। पूर्व प्रधान राकेश कुमार ने बताया कि दीपोत्सव के लिए साफ-सफाई के साथ रंगाई पुताई का कार्य शुरू है। अन्य वर्षों की भांति इस बार का दीपोत्सव विशेष आकर्षण का केंद्र होगा।

chat bot
आपका साथी