मारपीट के दौरान छत से गिरे साले की मौत, बहनोई घायल

संवाद सहयोगी रसूलाबाद (कानपुर देहात) रसूलाबाद क्षेत्र के मुनौरापुर गांव में विवाह समारोह

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 08:31 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 08:31 PM (IST)
मारपीट के दौरान छत से गिरे साले की मौत, बहनोई घायल
मारपीट के दौरान छत से गिरे साले की मौत, बहनोई घायल

संवाद सहयोगी, रसूलाबाद (कानपुर देहात) : रसूलाबाद क्षेत्र के मुनौरापुर गांव में विवाह समारोह के दौरान साले व बहनोई में पुराने विवाद को लेकर मारपीट हो गई। एक मंजिल मकान की छत से पहले साला गिरा और फिर उसी के ऊपर बहनोई भी गिर गया। दोनों को अस्पताल ले गए जहां साले की मौत हो गई और बहनोई इलाज के बाद भाग निकला। मृतक के स्वजन ने धक्का देकर हत्या का आरोप लगा हंगामा किया। पुलिस ने तहरीर पर आरोपित व उसके पिता पर गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

मुनौरापुर निवासी प्रेमचंद्र कठेरिया की पुत्री रीना की बरात मंगलवार को वीरपुर एरवाकटरा इटावा से आई थी। शादी में प्रेमचंद्र के गांव में ही रहने वाले भाई सुभाष व उनका पुत्र रोहित उर्फ नवाब सिंह भी शामिल थे। निमंत्रण पर रोहित का लक्ष्मणपुर मिश्रान शिवराजपुर कानपुर नगर निवासी 22 वर्षीय विकास भी आया हुआ था। बरात आने के पहले जनातियों का खाना चल रहा था। रोहित की पत्नी बीनू भी खाना खा रही थी, इस पर रोहित ने उसे पुराने विवाद को लेकर भला बुरा कह दिया। यह देख विकास ने उसे मना किया तब रोहित मकान की छत से ईंट चलाने लगा। विकास भी ऊपर पहुंच गया और दोनों में मारपीट होने लगी। इस दौरान बिना बाउंड्रीवाल की छत से पहले विकास गिरा और उसी के ऊपर रोहित भी गिर गया। स्वजन दोनों को लेकर कानपुर गए जहां बुधवार सुबह विकास की मौत हो गई। इधर मौका पाकर रोहित वहां से गायब हो गया। पुलिस को भी इसके बाद जानकारी हो सकी। विकास की बहन बीनू ने बताया कि उसका विवाह 12 जुलाई 2017 को हुआ था। उसके दो बच्चे बाबी व वारिस हैं। शादी के बाद आए दिन शराब पीकर मारपीट करने के कारण उसका पति से एक वर्ष पूर्व विवाद हुआ था। उसने दहेज प्रथा का मुकदमा पति के विरुद्ध रसूलाबाद थाने में दर्ज कराया था। इधर चार-पांच माह पूर्व अच्छा आचरण करने की बात कह कर उसका पति उसको मायके से लेकर के यहां आ गया था। मंगलवार को उसकी चचेरी ननद रीना का विवाह था तो उसका भाई आया था। आरोप है कि रोहित ने धक्का देकर हत्या की है। थाना प्रभारी प्रमोद शुक्ला पहुंचे और छानबीन की। उन्होंने बताया कि आरोपित रोहित व उसके पिता के खिलाफ तहरीर मिली थी जिस पर गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

स्वजन का हुआ बुरा हाल

विकास की मौत से मां श्यामकली, भाई सुनील, अनिल, अरुण, बहनें सोनी, रीता और बीनू का रो रो कर बुरा हाल हो गया। किसी को विश्वास नहीं हो रहा था कि शादी में शामिल होने आए भाई संग ऐसा हो गया।

घटना के बाद जल्द निपटाईं विवाह की रस्में

घटना के बाद सभी को अंदेशा था कि कहीं विवाद बढ़ न जाए। इसके बाद जल्दी से सारी रश्में निभाई गईं और बुधवार भोर में ही दुल्हन की विदाई कर दी गई।

chat bot
आपका साथी